नैनीताल जिला मुख्यालय हल्द्वानी से बड़ी खबर सामने आई है. हल्द्वानी के गोरापड़ाव क्षेत्र में नेशनल हाईवे 109 पर भीषण सड़क हादसा हो गया. बताया जा रहा है कि तेज रफ्तार केंटर की चपेट में बाइक सवार दो युवक आ गए है. इस हादसे में बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल है, जिसका हॉस्पिटल में उपचार चल रहा है.
केंटर और बाइक की टक्कर कितनी भीषण थी कि इसका अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि इस हादसे में बाइक भी जलकर खाक हो गई. फिलहाल पुलिस से जो जानकारी मिली है, उसके अनुसार लालकुंआ निवासी सिद्धार्थ और अयान कल देर शाम घूमने के लिए निकले हुए थे.
इस दौरान गोरापड़ाव क्षेत्र में उनकी बाइक की रॉन्ग साइड से आ रहे केंटर से जोरदार टक्कर हो गई. हादसा इतना जबरदस्त था कि टक्कर के बाद बाइक में आग भी लग गई थी. राहगिरों ने तत्काल मामले की सूचना पुलिस को दी. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर तत्काल घायल युवकों को हॉस्पिटल भिजवाया, जहां डॉक्टरों ने सिद्धार्थ निवासी लालकुआं वार्ड नंबर-4 को मृतक घोषित कर दिया. सिद्धार्थ 12वीं क्लास का छात्र था और अपने माता-पिता की इकलौता बेटा था. उसके दादा लालकुआं नगर पंचायत के पूर्व अध्यक्ष रह चुके हैं, जबकि उसके पिता सामाजिक कार्यकर्ता और जूडो-कराटे के प्रशिक्षक हैं. इस हादसे से पूरे इलाके में शोक की लहर है.
सिद्धार्थ के माता-पिता किसी काम से उत्तर प्रदेश के बदायूं गए हुए थे. घर पर अकेला होने के कारण वह अपने पड़ोसी और करीबी दोस्त अयान के साथ बाजार गया था. दोनों देर रात घर लौट रहे थे, तभी बीच रास्ते में ये हादसा हो गया. इस हादसे में अयान को भी गंभीर चोट आई है. अयान का फिहलाह हॉस्पिटल में उपचार चल रहा है.
सीओ सिटी अमित कुमार ने बताया कि देर रात राष्ट्रीय राजमार्ग 109 पर हुई सड़क हादसे में युवक की मौत हो गई, जबकि उसका दोस्त गंभीर रूप से घायल हुआ थाय घायल का अस्पताल में इलाज चल रहा है. शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है. मामले की जांच की जा रही है.