उत्तराखंड चारधाम यात्रा 2026 में जबरदस्त भीड़ उमड़ रही है. ऐसे में ऋषिकेश में यातायात और भारी भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस प्रशासन ने एक नई पहल की है. जिसके तहत यात्रा के सुगम संचालन के लिए पुलिस ने अपने बेड़े में ट्रैफिक वालंटियर के रूप में एनसीसी कैडेट्स को शामिल किया है.
आज यानी 1 जून को श्री भरत मंदिर इंटर कॉलेज ऋषिकेश के 20 एनसीसी कैडेट्स (NCC) को कोतवाली बुलाकर आवश्यक सामग्री वितरित की गई. इन कैडेट्स को ड्यूटी के लिए सीटी, टोपी, आई-कार्ड, टी-शर्ट और रिफ्रेशमेंट दिया गया. इस टुकड़ी में अनुशासन और लैंगिक समानता की बेहतरीन मिसाल देखने को मिली, जिसमें 9 लड़कियां और 11 लड़के शामिल हैं.
ऋषिकेश कोतवाल केसी भट्ट और वरिष्ठ उप निरीक्षक भारत सिंह रावत ने सभी कैडेट्स को ट्रैफिक ड्यूटी पर तैनात होने से पहले यातायात नियमों की बारीकियों से अवगत कराया. अधिकारियों ने कैडेट्स को जागरूक करने के साथ-साथ उनका हौसला भी बढ़ाया. अब ये सभी एनसीसी यानी नेशनल कैडेट कोर के कैडेट्स ट्रैफिक व्यवस्था बनाने में पुलिस का सहयोग करेंगे.
शुरुआती चरण में इन एनसीसी कैडेट्स को ऋषिकेश के उन चुनिंदा पॉइंट्स पर तैनात किया जा रहा है. जहां जाम और भीड़ की स्थिति सबसे ज्यादा बनती है. इनमें मुख्य रूप से श्यामपुर पुलिस चौकी, मनसा देवी फाटक, बैराज पुल, ट्रांजिट कैंप परिसर शामिल है.
बता दें कि इन दिनों चारधाम यात्रा पूरे शबाब पर चल रही है. चारों धामों में भक्तों की भीड़ उमड़ रही है. हालांकि, पिछले कुछ दिनों से मौसम भी खराब है, लेकिन इसके बावजूद आस्था में कोई कमी नहीं देखने को मिल रही है. बीती रोज मौसम खराब होने की वजह से कुछ समय के लिए केदारनाथ धाम की यात्रा को अस्थायी तौर पर रोक दिया गया था. हालांकि, मौसम खुलने के बाद यात्रा फिर से शुरू कराई गई.
इसके अलावा यात्रा मार्गों पर भीषण जाम भी लग रहा है. जिसके चलते यात्रियों और स्थानीय लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. ऐसे में पुलिस प्रशासन को ट्रैफिक व्यवस्था संभालने में पसीने में छूट रहे हैं. लिहाजा, अब एनसीसी कैडेट्स को बतौर ट्रैफिक वालंटियर शामिल किया गया है. जो ट्रैफिक व्यवस्था बनाने में पुलिस का हाथ बंटाएंगे.