प्रेमनगर स्थित आर्केडिया एवं हरबंसवाला टी एस्टेट के प्रबंधक नीरज शर्मा ने थाना बसंत विहार में लिखित शिकायत देकर अपनी जान को खतरा बताया है। इस मामले में उन्होंने पुलिस से आरोपियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। शिकायत के अनुसार, 25 जुलाई 2026 को सुबह लगभग 10 बजे प्रबंधक नीरज शर्मा अपने अधिवक्ता से मिलने के लिए कोर्ट गए थे। इसी दौरान उन्हें सूचना मिली कि करीब 11:30 बजे 30 से 40 लोगों की भीड़ आर्केडिया टी एस्टेट की फैक्ट्री में जबरन घुस आई। आरोप है कि भीड़ ने कर्मचारियों के साथ धक्का-मुक्की की और प्रबंधक को बुलाने की मांग करते हुए गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी।
नीरज शर्मा ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया है कि भीड़ का नेतृत्व शुभम ठाकुर सहित कई लोगों ने किया। उन्होंने पुलिस को दिए पत्र में राहुल, जितेंद्र, अमन, सावित्री, गुड्डा, संताराम, महेश, विनोद, विक्रम, नुसुम्बर उर्फ गुड्डा, शुभम पुत्र विजेंद्र, पवर्ती पत्नी स्वर्गीय रामचंद्र तथा टिक्की गांव के अन्य लोगों समेत लगभग 30 से 40 व्यक्तियों के नाम दर्ज कराए हैं। उनका आरोप है कि सभी लोग एकजुट होकर फैक्ट्री पहुंचे और कर्मचारियों को डराने-धमकाने का प्रयास किया।
प्रबंधक का कहना है कि घटना के समय फैक्ट्री में मौजूद स्टाफ ने किसी तरह स्थिति को संभाला। उन्होंने आशंका जताई कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो उनके या उनके कर्मचारियों के साथ कोई गंभीर घटना हो सकती है।
इसी मामले में प्रबंधक ने एक अन्य प्रार्थना पत्र भी पुलिस को सौंपते हुए आरोप लगाया है कि जिन लोगों के खिलाफ शिकायत दी गई है, वे लगातार भय का माहौल बना रहे हैं। उन्होंने पुलिस प्रशासन से सभी नामजद और अन्य आरोपियों के विरुद्ध निष्पक्ष जांच कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई करने तथा उनकी और फैक्ट्री कर्मचारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है। फिलहाल पुलिस को शिकायत सौंप दी गई है। मामले की जांच के बाद ही आरोपों की पुष्टि और आगे की कार्रवाई स्पष्ट हो सकेगी।