हल्द्वानी में जूतों की दुकान में लगी आग, सपा नेता अब्दुल के बेटे का है प्रतिष्ठान

नैनीताल जिले के हल्द्वानी में आग लगने की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं. हीरानगर स्थित एक निजी स्कूल में भीषण आग की घटना के कुछ ही घंटों बाद अब शहर के मुख्य बाजार क्षेत्र में एक और आग लगने की सूचना से हड़कंप मच गया.

जानकारी के अनुसार मीरा मार्ग स्थित एक जूते की दुकान में अचानक आग लग गई. यह दुकान समाजवादी पार्टी के नेता अब्दुल मतीन सिद्दीकी के बेटे की बताई जा रही है. घटना के समय दुकान बंद थी, लेकिन अंदर से धुआं निकलता देख आसपास के व्यापारियों और स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना दी.

सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई और आग बुझाने के प्रयास शुरू कर दिए. बाजार क्षेत्र घनी आबादी वाला होने के कारण आसपास की दुकानों में आग फैलने का भी खतरा बना रहा. आग से दुकान में रखा अधिकांश सामान जलकर नष्ट हो गया, हालांकि राहत की बात यह रही कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई है. फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है.

हल्द्वानी के व्यस्त मीरा मार्ग क्षेत्र में स्थित माशा शूज नामक जूता दुकान में मंगलवार को अचानक आग लग गई. बंद दुकान के भीतर से धुआं निकलता देख स्थानीय लोगों ने तुरंत इसकी सूचना फायर सर्विस और पुलिस को दी. सूचना मिलते ही फायर सर्विस की टीम बिना समय गंवाए मौके पर पहुंची और आग बुझाने का अभियान शुरू कर दिया.

आग तेजी से फैल रही थी और दुकान में बड़ी मात्रा में जूते, चप्पल, पैकिंग सामग्री तथा अन्य ज्वलनशील सामान रखा हुआ था, जिसके चलते आग ने कुछ ही देर में विकराल रूप ले लिया. फायर कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर सफलतापूर्वक नियंत्रण पा लिया और उसे आसपास की दुकानों तथा प्रतिष्ठानों तक फैलने से रोक दिया.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *