देहरादून : शहर में जल संस्थान द्वारा सीवर पाइपलाइन डालने के लिए विभिन्न वार्डों में की जा रही खुदाई अब लोगों के लिए परेशानी का सबब बनती जा रही है। तस्वीरे भंडारी बाग क्षेत्र की है जहां पर भंडारी बाग क्षेत्र में भी सड़क की खुदाई कर पाइपलाइन डालने का कार्य किया जा रहा है, लेकिन कार्य पूरा होने के बाद सड़क की समय पर मरम्मत नहीं होने से स्थानीय लोगों को आवागमन में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। इस संबंध में गूंज केसरी द्वारा पूर्व में भी खबरें प्रकाशित की गई थी लेकिन विभाग की लापरवाही इस बात की ओर संकेत करती है कि मीडिया में खबरें दिखाने के बाद भी अपनी मनमर्जी कर रहा है l जिस कारण लोगों को भारी समस्या का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि पाइपलाइन डालने के लिए सड़क खोद दी गई और कार्य पूरा होने के बाद भी सड़क को पूर्व स्थिति में लाने में देरी की जा रही है। इससे सड़क पर धूल-मिट्टी, गड्ढों और असमतल रास्ते के कारण दोपहिया वाहन चालकों के साथ ही पैदल चलने वाले लोगों को भी परेशानी हो रही है।
शहर के अन्य वार्डों की आंतरिक सड़कों पर भी जल संस्थान द्वारा सीवर पाइपलाइन डालने के लिए खुदाई का कार्य किया जा रहा है। इसका खामियाजा स्थानीय लोगों के साथ पार्षदों को भी भुगतना पड़ रहा है, क्योंकि उन्हें सड़क की बदहाल स्थिति को लेकर जनता के सवालों का सामना करना पड़ रहा है।
गौरतलब है कि जिलाधिकारी द्वारा पूर्व में शहर की सड़कों को 15 अक्टूबर तक गड्ढामुक्त करने के निर्देश दिए गए हैं। ऐसे में वार्डों की आंतरिक सड़कों की लगातार खुदाई और समय पर मरम्मत नहीं होने से इन निर्देशों के पालन पर सवाल उठ रहे हैं।
स्थानीय लोगों ने मांग की है कि जल संस्थान द्वारा जिन सड़कों पर पाइपलाइन डालने का कार्य पूरा हो चुका है, वहां तत्काल सड़क की मरम्मत कराई जाए, ताकि आमजन को राहत मिल सके। लोगों का कहना है कि विकास कार्य जरूरी हैं, लेकिन कार्य पूरा होने के बाद सड़कों को व्यवस्थित करना भी संबंधित विभाग की जिम्मेदारी है।
रिपोर्टर राजू ठाकुर
