Deprecated: Function WP_Dependencies->add_data() was called with an argument that is deprecated since version 6.9.0! IE conditional comments are ignored by all supported browsers. in /home/u406310147/domains/goonjkesari.com/public_html/wp-includes/functions.php on line 6260

देहरादून पुलिस की शातिर गैंगस्टर रईस से मुठभेड़, बदमाश के दोनों पैरों में लगी गोली

स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर देहरादून पुलिस की ओर से चलाए जा रहे सघन चेकिंग अभियान के दौरान प्रेमनगर क्षेत्र में देर रात पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई. मुठभेड़ में पश्चिमी उत्तर प्रदेश का शातिर गैंगस्टर रईस घायल हो गया. पुलिस की जवाबी फायरिंग में उसके दोनों पैरों में गोली लगी, जिसके बाद पुलिस ने उसे तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया. उसका साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया. पुलिस के अनुसार दोनों बदमाश बिना नंबर की बाइक पर सवार थे.

पुलिस के मुताबिक 12-13 अगस्त की देर रात प्रेमनगर पुलिस दरू चौक के पास संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी. इसी दौरान गोरखपुर चौक की तरफ से बिना नंबर की काले रंग की मोटरसाइकिल पर सवार दो लोग आते दिखाई दिए. पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया, लेकिन दोनों बाइक सवार तेजी से चाय बागान की ओर भागने लगे.

पुलिस टीम ने कंट्रोल रूम के जरिए आसपास के थानों को सूचना दी और बदमाशों का पीछा शुरू किया. पितांबरपुर-बनियावाला मार्ग पर दोनों बदमाश बाइक सड़क किनारे छोड़कर चाय बागान की ओर भाग गए. पुलिस द्वारा पीछा करने के दौरान बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी. इस दौरान पुलिस का सरकारी वाहन भी क्षतिग्रस्त हुआ. पुलिसकर्मियों ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें एक बदमाश के दोनों पैरों में गोली लगी.

घायल बदमाश की पहचान रईस पुत्र नसीम, निवासी खाताखेड़ी, थाना मंडी, जिला सहारनपुर, हाल निवासी छुटमलपुर, सहारनपुर के रूप में हुई है. उसकी उम्र 26 वर्ष बताई गई है. उसका साथी नवाब निवासी सहारनपुर मौके से फरार हो गया. मुठभेड़ स्थल से पुलिस ने 315 बोर का तमंचा, दो खोखा कारतूस, एक चापड़, एक कुल्हाड़ी, दो छुरी, नायलॉन की रस्सी और बिना नंबर की स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद की है.

पुलिस पर जानलेवा हमला करने के मामले में थाना प्रेमनगर में मुकदमा आर्म्स एक्ट के तहत दर्ज किया गया है. वहीं मुठभेड़ के बाद पुलिस ने फरार बदमाश नवाब की तलाश शुरू कर दी है. आसपास के इलाकों में सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है. वहीं, घायल गैंगस्टर को अस्पताल में उपचार दिया जा रहा है. साथ ही स्वतंत्रता दिवस को देखते हुए जिले के सभी थाना प्रभारियों को संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की लगातार चेकिंग के निर्देश दिए हैं. इसी के तहत अंतरराज्यीय और अंतरजनपदीय चेकपोस्ट के साथ ही आंतरिक मार्गों पर भी पुलिस का चेकिंग अभियान जारी है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *