उत्तराखंड की राजधानी देहरादून के पटेल नगरथाना क्षेत्र में हत्या का मामला सामने आया है. जहां एक व्यक्ति का गला रेतकर मर्डर किया गया है. मृतक की शिनाख्त दीपक गुप्ता के रूप में हुई है. दीपक गुप्ता ब्याज का काम करता था. प्राथमिक तौर पर आशंका जताई जा रही है कि हत्या पैसे को लेन-देन को लेकर हुई है.
दरअसल, 22 जुलाई को शाम के समय देवऋषि एनक्लेव निवासी मीनाक्षी ने कोतवाली पटेलनगर को एक सूचना दी थी. जिसमें बताया गया कि एक व्यक्ति ने उनके भाई के साथ मारपीट कर उस पर चाकू से हमला कर दिया है. जिसमें उनके भाई को गंभीर चोटें आई है और वो लहूलुहान अवस्था में अचेत पड़े हैं. इस सूचना पर प्रभारी निरीक्षक पटेलनगर पुलिस बल के तत्काल मौके पर पहुंचे.
मौके पर मकान के ग्राउंड फ्लोर के एक कमरे में एक व्यक्ति नग्न हालत में छाती के बल मृत अवस्था में पड़ा मिला. जिनके गर्दन के पिछले हिस्से में काटने के गहरे घाव थे. मौके पर मृतक व्यक्ति की पहचान दीपक गुप्ता पुत्र गंगा सागर गुप्ता (उम्र 48 वर्ष) निवासी देव ऋषि एनक्लेव देहराखास पटेलनगर (देहरादून) के रूप में हुई.
घटनास्थल से पुलिस की ओर से घटना के संदिग्ध आरोपी रोहन प्रजापति निवासी माजरा पटेलनगर को हिरासत में लिया गया. घटना के संबंध में मृतक के भाई राकेश गुप्ता ने आरोपी रोहन प्रजापति पर उनके भाई पर चाकू से हमला कर हत्या करने का आरोप लगाया. साथ ही तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की. जिस पर तत्काल कोतवाली पटेलनगर में बीएनएस की धारा 103(ए) के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया. इसके बाद आरोपी रोहन प्रजापति को भी गिरफ्तार कर लिया.
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वो एक निजी शिक्षण संस्थान में बीकाॅम द्वितीय वर्ष का छात्र है. दीपक गुप्ता से उसकी पहचान इंटरनेट के जरिए हुई थी. दीपक के कहने पर ही आज वो उनके घर पर आया था. इसी दौरान किसी बात को लेकर उनके बीच विवाद हो गया. जिस पर आरोपी ने कमरे में पड़ा चाकू उठाया लिया.
जब तक दीपक गुप्ता कुछ समझ पाता, तब तक हमला कर उसकी हत्या कर दी. मृतक के बारे में जानकारी करने पर पता चला कि उसका अपनी पत्नी से लगभग 7-8 साल पहले तलाक हुआ था. वो मूल रूप से उत्तर प्रदेश के लखनऊ का रहने वाला था, जो साल 2004 से अपने भाई/बहनों के साथ देहरादून में निवास कर रहा था.
गिरफ्तार आरोपी का नाम-
- रोहन प्रजापति पुत्र देवी चंद्र प्रजापति (उम्र 20 वर्ष), निवासी- प्रधान वाली गली माजरा, कोतवाली पटेलनगर, देहरादून