पुराने सदाबहार गीतों को पुनर्जीवित करने और स्वर्णिम संगीत युग की यादों को ताजा करने के उद्देश्य से ‘Old Is Gold’ के आयोजक एवं निर्देशक राजेश गोयल एवं संदीप गुप्ता की ओर से रविवार को टाउन हॉल, देहरादून में बॉलीवुड के पुराने गीतों पर आधारित संगीतमय कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन रोटरी क्लब, देहरादून सेंट्रल के सहयोग से किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि देहरादून के मेयर सौरभ थपलियाल ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। उन्होंने पुराने गीतों को हमारी सांस्कृतिक एवं संगीत विरासत का महत्वपूर्ण हिस्सा बताते हुए आयोजन की सराहना की और आयोजकों को शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम में रोटरी क्लब की अध्यक्ष अंजना साहनी और सचिव पुष्प गर्ग ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया। व्यापार मंडल अध्यक्ष पंकज मैसोन, स्टेट मिनिस्टर अशोक वर्मा, बार एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष पृथ्वीराज चौहान, उत्तराखंड बार काउंसिल के सदस्य एवं पूर्व अध्यक्ष राकेश गुप्ता तथा एनआईसी के आईटी निदेशक संजय गुप्ता सहित कई गणमान्य अतिथियों ने अपनी गरिमामयी उपस्थिति दर्ज कराई।
‘Old Is Gold’ की इस विशेष संगीतमय शाम में राजेश गोयल एडवोकेट ने- चाहूंगा मैं तुझे सांझ सवेरे, महबूब आलम ने- य जो चिलमन है, जगदीश ने-मेरे सपनों की रानी कब आएगी तू,
संदीप-तन्हा मैं अकेला टूटा तारा,
डॉक्टर विनोद गुप्ता-सारा जमाना हसीनों का दीवाना- जैसी प्रस्तुतियां देकर दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं और दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया। कार्यक्रम में सानुदा, कमल जोली, संजना, बलदेव एवं राजेन्द्र असवाल ने भी एक से बढ़कर एक पुराने गीत प्रस्तुत किए।
कार्यक्रम के दौरान कलाकारों की प्रस्तुतियों पर पूरा टाउन हॉल तालियों और संगीत की धुनों से गूंज उठा। बड़ी संख्या में संगीत प्रेमियों ने कार्यक्रम में हिस्सा लिया और पुराने सदाबहार गीतों के साथ अपनी पुरानी यादों को ताजा किया। उपस्थित दर्शकों ने आयोजन की सराहना करते हुए इसे यादगार एवं शानदार संगीतमय शाम बताया।
