शिवसेना के 60वें स्थापना दिवस के अवसर पर शिवसेना देहरादून द्वारा दून मेडिकल कॉलेज में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में शिवसैनिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए रक्तदान किया और समाज सेवा का संदेश दिया।
रक्तदान शिविर के शुभारंभ से पूर्व शिवसेना के प्रदेश प्रमुख गौरव कुमार ने सभी शिवसैनिकों को स्थापना दिवस की शुभकामनाएं दीं। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि 19 जून 1966 को हिंदू हृदय सम्राट बालासाहेब ठाकरे ने मुंबई के शिवाजी पार्क में शिवसेना की स्थापना की थी। उन्होंने कहा कि शिवसेना की स्थापना महाराष्ट्र के मजदूरों, वंचितों एवं शोषित वर्ग के उत्थान के उद्देश्य से की गई थी और आज यह संगठन देशभर में समाज सेवा के कार्यों के लिए जाना जाता है।
गौरव कुमार ने कहा कि मुंबई में बोया गया यह बीज आज एक विशाल वटवृक्ष का रूप ले चुका है और शिवसेना निरंतर जनसेवा के कार्यों में अग्रणी भूमिका निभा रही है। रक्तदान जैसे सामाजिक कार्य संगठन की सेवा भावना को दर्शाते हैं।
इस अवसर पर दून मेडिकल कॉलेज के डॉ. शशि उप्रेती एवं आशीष चंद्र ने शिवसेना के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि शिवसेना समाज सेवा के क्षेत्र में एक मिसाल कायम कर रही है तथा रक्तदान जैसे अभियान जरूरतमंद मरीजों के लिए जीवनदायिनी साबित होते हैं।
रक्तदान शिविर प्रातः 11 बजे प्रारंभ हुआ और देर शाम तक जारी रहा। शिविर में जिला प्रमुख अमित कर्णवाल, जितेंद्र निर्वाल, विशाल बेदी, अरविंद शर्मा, वासु परविंदा, विकास मल्होत्रा, किशन सिंघल, अभिनव बेदी, भूपेश पुरोहित, गोकुल परविंदा, हर्षित कुमार, कृष्ण कमल, विजय गुलाटी, रवि ग्रोवर, इंद्रेश सुनेजा, सार्थक गर्ग, श्रीजांश श्रीवास्तव, हार्दिक गर्ग, मोहिउद्दीन अहमद सहित अनेक शिवसैनिकों ने रक्तदान कर मानव सेवा में अपना योगदान दिया।
शिवसेना पदाधिकारियों ने कहा कि भविष्य में भी संगठन इसी प्रकार के सामाजिक एवं जनहित के कार्यक्रमों का आयोजन करता रहेगा।
