Deprecated: Function WP_Dependencies->add_data() was called with an argument that is deprecated since version 6.9.0! IE conditional comments are ignored by all supported browsers. in /home/u406310147/domains/goonjkesari.com/public_html/wp-includes/functions.php on line 6260
श्रीकृष्ण के आदर्शों से समाज संगठन, संस्कार और सेवा की प्रेरणा लेने का आह्वान - Goonj Kesari

श्रीकृष्ण के आदर्शों से समाज संगठन, संस्कार और सेवा की प्रेरणा लेने का आह्वान

विश्व हिंदू परिषद के स्थापना दिवस के अवसर पर प्रखंड पटेल नगर द्वारा श्री श्याम सुंदर मंदिर परिसर में भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं, श्रद्धालुओं एवं समाज के लोगों ने सहभागिता की। धार्मिक वातावरण में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ।

दीप प्रज्वलन बजरंग दल प्रांत मिलन प्रमुख विकास वर्मा, जिला अध्यक्ष अनिल मेसोन, जिला उपाध्यक्ष आनंद मुनियाल एवं संजीव बालियान द्वारा किया गया। कार्यक्रम का संचालन विशाल चौधरी, जिला मंत्री विश्व हिंदू परिषद ने किया।

श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर स्थापना का उद्देश्य महत्वपूर्ण

कार्यक्रम के मुख्य वक्ता बजरंग दल प्रांत मिलन प्रमुख विकास वर्मा ने विश्व हिंदू परिषद की स्थापना, उसके उद्देश्यों एवं स्थापना दिवस के ऐतिहासिक महत्व पर लगभग आधे घंटे का विस्तृत बौद्धिक प्रस्तुत किया। उन्होंने कहा कि विश्व हिंदू परिषद की स्थापना के लिए श्रीकृष्ण जन्माष्टमी जैसे पावन अवसर का चयन केवल संयोग नहीं, बल्कि गहरे सांस्कृतिक और वैचारिक संदेश का प्रतीक है।

उन्होंने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण ने अपने जीवन के माध्यम से धर्म की रक्षा, कर्तव्य पालन, संगठन, नेतृत्व और अन्याय के विरुद्ध संघर्ष का संदेश दिया। श्रीकृष्ण का जीवन समाज को यह प्रेरणा देता है कि परिस्थितियां चाहे कितनी भी चुनौतीपूर्ण हों, व्यक्ति को अपने कर्तव्य और मूल्यों से विचलित नहीं होना चाहिए।

विकास वर्मा ने कहा कि विश्व हिंदू परिषद भी हिंदू समाज को संगठित करने, भारतीय संस्कृति एवं परंपराओं के संरक्षण, सेवा कार्यों को बढ़ाने और समाज में समरसता एवं संस्कार की भावना को मजबूत करने के उद्देश्य से कार्य करता है। श्रीकृष्ण के जीवन मूल्यों और विश्व हिंदू परिषद के उद्देश्यों में समाज को संगठित एवं संस्कारित करने की समान प्रेरणा दिखाई देती है।

युवाओं और परिवारों को संस्कारों से जोड़ना समय की आवश्यकता

उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में युवा पीढ़ी अनेक सामाजिक और वैचारिक चुनौतियों से गुजर रही है। ऐसे में केवल शिक्षा ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि संस्कार, संस्कृति, परिवार और समाज के प्रति दायित्वबोध भी आवश्यक है। परिवार बच्चों के संस्कारों की पहली पाठशाला है और संस्कारित परिवार ही सुदृढ़ समाज का निर्माण करता है।

उन्होंने युवाओं का आह्वान करते हुए कहा कि वे अपनी ऊर्जा को सकारात्मक दिशा में लगाएं तथा सेवा, संगठन, सामाजिक दायित्व और राष्ट्रहित के कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाएं। उन्होंने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण के जीवन से युवाओं को नेतृत्व, निर्णय क्षमता, साहस और कर्तव्यनिष्ठा की प्रेरणा मिलती है।

उन्होंने कहा कि आज आवश्यकता केवल संगठन से जुड़ने की नहीं, बल्कि संगठन के माध्यम से समाज में सेवा, संस्कार और सकारात्मक परिवर्तन का वातावरण बनाने की है। विश्व हिंदू परिषद का स्थापना दिवस इसी संकल्प को मजबूत करने का अवसर है।

कार्यक्रम में जिला अध्यक्ष अनिल मेसोन, जिला उपाध्यक्ष आनंद मुनियाल, सह सत्संग प्रमुख ऋषि राम वर्मा, प्रखंड संयोजक अभिषेक सोनकर, प्रखंड अध्यक्ष राजपाल नेगी, प्रखंड संयोजक यशवर्धन मौर्य, राघव उपाध्याय, संजीव बालियान, राजेश सोमवंशी, अशोक, नीरज, मुकेश कुमार, पवन कुमार, घनश्याम गुप्ता, अशोक वर्मा, अर्पित अरोड़ा, कृष्णा चौधरी, मोहित भाटिया, शोभित मौर्य, युवराज कश्यप, लकी वर्मा एवं निपुण अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का समापन समाज में एकता, संस्कार, सेवा, समरसता एवं संगठन को मजबूत करने के संकल्प के साथ हुआ

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *