परम् पूज्य ब्रह्मलीन श्री महंत इन्द्रेश चरण दास महाराज के महानिर्वाण दिवस के पावन अवसर पर श्री महाकाल सेवा समिति (रजि.) देहरादून द्वारा 35वें रक्तदान शिविर का आयोजन किया जा रहा है। समिति ने समाज के सभी जागरूक नागरिकों से इस पुण्य कार्य में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की है।
समिति के पदाधिकारियों ने कहा कि रक्तदान मानव सेवा का सर्वोच्च माध्यम है। एक यूनिट रक्त किसी जरूरतमंद व्यक्ति को नया जीवन देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। इसलिए जो भी व्यक्ति स्वस्थ हैं और रक्तदान करने के योग्य हैं, वे इस शिविर में अवश्य भाग लें।

समिति ने यह भी आग्रह किया है कि यदि कोई व्यक्ति स्वयं रक्तदान करने में सक्षम नहीं है, तो वह अपने परिवार, मित्रों और परिचितों को रक्तदान के लिए प्रेरित करे। किसी को रक्तदान के लिए प्रेरित करना भी अत्यंत पुण्य और समाजोपयोगी कार्य है।
समिति द्वारा पूर्व में जिन लोगों अथवा उनके परिजनों को रक्त उपलब्ध कराकर सहायता प्रदान की गई है, उनसे विशेष रूप से अनुरोध किया गया है कि वे इस अवसर पर रक्तदान कर अपने सामाजिक उत्तरदायित्व का निर्वहन करें तथा मानव सेवा के इस अभियान को और अधिक सशक्त बनाने में सहयोग दें।
श्री महाकाल सेवा समिति ने सभी सामाजिक संगठनों, युवाओं, स्वयंसेवकों एवं आम नागरिकों से अपील की है कि वे रक्तदान शिविर में अधिकाधिक संख्या में पहुंचकर इस जनहितकारी अभियान को सफल बनाएं और मानवता की सेवा में अपना योगदान दें।