रिश्वतखोरी के आरोप में पटवारी निलंबित, डीएम नैनीताल ने की सख्त कार्रवाई

जनपद नैनीताल में रिश्वतखोरी के आरोप में राजस्व उप निरीक्षक (पटवारी) प्रकाश चंद्र देवतल्ला को जिलाधिकारी ने तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। पटवारी पर भूमि संबंधी कार्यों में जानबूझकर लापरवाही बरतने और खसरा जारी करने के नाम पर 25 से 50 हजार रुपये तक की रिश्वत मांगने के गंभीर आरोप लगे थे।

सूत्रों के अनुसार, पटवारी प्रकाश चंद्र देवतल्ला का रिश्वत मांगते हुए एक ऑडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। जिलाधिकारी ने इसका संज्ञान लेते हुए जांच के आदेश दिए। प्राथमिक जांच में आरोप सही पाए गए, जिसके बाद मंगलवार को जिलाधिकारी नैनीताल ने देवतल्ला को निलंबित कर तहसील खनस्यूं में सम्बद्ध कर दिया।

जिला प्रशासन ने साफ किया है कि पटवारी पर विभागीय जांच भी बैठा दी गई है और दोषी पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। जिलाधिकारी ने जनपद के समस्त कर्मचारियों को सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि उनका आचरण पूर्णतः पारदर्शी और जनहित में होना चाहिए।

साथ ही डीएम ने आम नागरिकों से अपील की कि यदि कोई भी सरकारी कर्मचारी उनसे रिश्वत की मांग करता है तो इसकी शिकायत तत्काल जिला प्रशासन को करें या टोल फ्री नंबर 1064 पर दर्ज कराएं।

गौरतलब है कि नैनीताल जिले में इससे पहले भी कई सरकारी कर्मचारियों के खिलाफ रिश्वतखोरी के मामले उजागर हो चुके हैं, जिन पर विजिलेंस द्वारा कार्रवाई की गई और कई आरोपी कर्मचारी इस वक्त जेल में हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *