लोकसभा चुनाव 2024 के लिए भाजपा ने प्लान बनाया है। हारी हुई विधानसभा सीटों पर बीजेपी का विशेष फोकस है। उत्तराखंड में भारतीय जनता पार्टी ने विधानसभा चुनाव में हारी हुई 23 सीटों पर लोकसभा चुनाव में बढ़त बनाने के लिए पार्टी सांसदों को मैदान में उतार दिया है।
पार्टी ने विधानसभा में सांसदों के प्रवास का कार्यक्रम जारी कर दिया है। इस दौरान सांसद विधानसभा के सभी प्रमुख पदाधिकारियों के साथ बैठक कर हारे हुए बूथों की पहचान करेंगे। साथ ही एक एक बूथ की जिम्मेदारी अलग अलग कार्यकर्ताओं को दी जाएगी। विदित है कि 2024 के लोकसभा चुनावों में राज्य की पांचों सीटों पर जीत सुनिश्चित करने के लिए पार्टी हाई कमान ने सांसदों को हारी हुई सीटों पर जीत सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी दी थी। लेकिन कई सांसद अभी तक अपने क्षेत्रों में प्रवास करने नहीं गए थे।
एससी-एसटी सम्मेलन भी करेगी भाजपा : पार्टी ने एससी एसटी वर्ग के मतदाताओं को रिझाने के लिए गढ़वाल और कुमाऊं में सम्मेलन आयोजित करने का निर्णय लिया गया है।
इन सम्मेलनों में पार्टी के सांसद, विधायक, मेयर, जिला पंचायत अध्यक्ष, जिला एवं क्षेत्र पंचायत सदस्य, पार्षद, प्रधान के साथ ही पार्टी के पदाधिकारी, अनुसूचित एवं जनजाति प्रकोष्ठों के पदाधिकारी भी शामिल होंगे। 19 नवंबर को देहरादून और 20 नवंबर को हल्द्वानी में यह सम्मेलन आयोजित होंगे।