यूपी UP सीएम योगी आदित्यनाथ सरकार से मदद की गुहार लगाई गई है। किसानों से जुड़े मामला होने पर उम्मीद जताई जा रही है कि इस मामले का जल्द ही निस्तारण कर लिया जाएगा। यूपी सरकार की ओर से अगर मांगें मान ली जाती है तो किसानों को सिंचाई के लिए पर्याप्त पानी मिल पाएगा।
उत्तराखंड के हरिद्वार में सिंचाई के पानी के संकट से जूझ रहे क्षेत्रों के लिए सीएम पुष्कर सिंह धामी सरकार ने यूपी से 665 क्यूसेक पानी मांगा है। इस पानी के मिलने से हरिद्वार में इकबालपुर नहर सिस्टम तैयार होगा। वहीं जगजीतपुर व कनखल नहर की क्षमता भी बढ़ेगी। हरिद्वार के 74 गांवों में 18 हजार 280 हैक्टेयर खेती की भूमि को सिंचाई का पानी मिल सकेगा।
सिंचाई मंत्री सतपाल महाराज ने बताया कि टिहरी बांध से यूपी को चार हजार क्यूसेक पानी की आवश्यकता थी। कुछ समय पहले बांध की झील का स्तर 828 से बढ़ाकर 830 मीटर किया गया है। इससे यूपी को टिहरी बांध से नियमित रूप से यूपी को 4879 क्यूसेक पानी मिल रहा है। यह यूपी की आवश्यकता से अधिक है।
इस अतिरिक्त 879 क्यूसेक पानी में से राज्य 665 क्यूसेक मांग रहा है। इस पर मार्च में दोनों राज्य संयुक्त सर्वेक्षण भी कर चुके हैं। जल्द ही इस विषय पर यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ से मुलाकात की जाएगी। इसके साथ ही मार्च में यूपी में परिसंपत्तियों के बंटवारे को लेकर दोनों राज्यों के बीच हुई बैठक के समझौतों पर जीओ जारी करने का अनुरोध किया जाएगा।