.तो उत्तराखंड में इनसे लगता है कांग्रेस को डर, पिछले दो लोकसभा चुनाव कर रहे तस्‍दीक

उत्तराखंड में सर्विस मतदाताओं से कांग्रेस खौफ खाती है। इसकी तस्दीक पिछले दो लोकसभा चुनाव में पार्टी को मिले सर्विस मतों से यह स्पष्ट हो जाता है।पिछले दो चुनावों में प्रदेश की पांचों लोकसभा सीटों पर भाजपा को कुल सर्विस मतों में भाजपा की हिस्सेदारी 60 से लेकर 80 प्रतिशत तक रही। वहीं, कांग्रेस को मिलने वाले मत सात से लेकर 17 या 18 प्रतिशत से ऊपर नहीं जा पाए हैं। मंगलवार को घोषित होने वाले चुनाव परिणाम में भी कांग्रेस की नजरें सर्विस मतों पर टिकी हैं।

प्रदेश में पिछले दो लोकसभा चुनावों के परिणामों पर नजर डालने से यह तो स्पष्ट हो जाता है कि पांचों सीटों पर भाजपा को बंपर मत मिले हैं। ऐसे में प्रत्याशियों की विजय में सर्विस मतदाताओं की भूमिका निर्णायक नहीं रही है, लेकिन यह भी सच है कि जीत के अंतर को बढ़ाने में उन्होंने भी बड़ा योगदान दिया है।साथ ही यदि जीत और हार का अंतर कम होने की स्थिति में इन मतदाताओं की निर्णायक भूमिका का अंदाजा लगाना कठिन नहीं है। यही कारण है कि एक्जिट पोल से इतर चुनाव परिणाम रहने और कड़ा मुकाबला होने की स्थिति में राजनीतिक दलों की नजरें सर्विस मतों पर भी गड़ी हुई हैं।

प्रदेश में इस बार कुल सर्विस मतदाता 93187 हैं। इनमें से अभी तक 52,053 मत रिटर्निंग अधिकारियों को प्राप्त हो चुके हैं। यह कुल सर्विस मतदाताओं का 55.85 प्रतिशत है। मंगलवार सुबह तक मिलने वाले सर्विस मतों को गणना में सम्मिलित किया जाएगा।लोकसभा चुनाव के पहले चरण में यानी 19 अप्रैल को उत्तराखंड में पांच सीटों के लिए मतदान हुआ था। पिछले दो लोकसभा चुनाव की तुलना में इस बार काफी कम मतदान हुआ है। कांग्रेस कम मतदान को अपने पक्ष में मान रही है। पार्टी को उम्मीद है कि मुकाबला काफी कड़ा होगा। इसी कारण पार्टी सर्विस मतदाताओं को लेकर गंभीर है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष करन माहरा ने मतगणना केंद्रों पर तैनात पार्टी कार्यकर्ताओं को सर्विस मतों पर विशेष नजर रखने को कहा है।

2019 में राज्य में संसदीय सीटवार भाजपा व कांग्रेस को प्राप्त सर्विस मत

  • संसदीय सीट, कुल सर्विस मत, भाजपा, कांग्रेस
  • टिहरी, 15377, 9213, 2576
  • गढ़वाल, 26673, 19367, 1701
  • अल्मोड़ा, 21833, 14196, 1829
  • नैनीताल-ऊधमसिंहनगर, 10162, 7022, 1998
  • हरिद्वार, 5817, 4624, 681

2014 में राज्य में संसदीय सीटवार भाजपा व कांग्रेस को प्राप्त सर्विस मत

  • संसदीय सीट, कुल सर्विस मत, भाजपा, कांग्रेस
  • टिहरी, 6077, 3534, 1259
  • गढ़वाल, 6012, 3739, 177
  • अल्मोड़ा, 1430, 902, 80
  • नैनीताल-ऊधमसिंहनगर, 2090, 1451, 526

हरिद्वार, 2382, 1489, 547

2024 में संसदीय सीटवार सर्विस मतों की संख्या

  • संसदीय सीट, कुल सर्विस मत, प्राप्त सर्विस मत
  • टिहरी, 12862, 7384
  • गढ़वाल, 34845, 20947
  • अल्मोड़ा, 29105, 15965
  • नैनीताल-ऊधमसिंहनगर, 10629, 5280
  • हरिद्वार, 5746, 2477

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *