देहरादून। राजधानी देहरादून में लोक आस्था, श्रद्धा और सूर्य उपासना का महापर्व छठ पूजा धूमधाम और भक्तिभाव के साथ मनाया जा रहा है। इस अवसर पर देहरादून के झंडा बाजार में खरीदारों की अच्छी खासी भीड़ देखी गई l चार दिवसीय इस महापर्व की शुरुआत 13 नवंबर को नहाय-खाय के साथ हो चुकी है। छठ पर्व को लेकर पूर्वांचल समाज के लोगों में विशेष उत्साह देखने को मिल रहा है। शहर के विभिन्न क्षेत्रों में स्थित घाटों पर पूजा की तैयारियां की गई हैं।
छठ पर्व के पहले दिन शुक्रवार को नहाय-खाय के अवसर पर व्रतियों ने स्नान कर घरों में शुद्धता के साथ भोजन ग्रहण किया और भगवान सूर्य की आराधना करते हुए पर्व का शुभारंभ किया। शनिवार 14 नवंबर को पर्व के दूसरे दिन खरना मनाया जा रहा है। इस दिन व्रती पूरे दिन उपवास रखेंगे और शाम को विधि-विधान से पूजा करने के बाद गुड़ की खीर तथा रोटी का प्रसाद ग्रहण करेंगे। इसके साथ ही व्रतियों का 36 घंटे का निर्जला व्रत शुरू होगा।

रविवार 15 नवंबर को छठ पर्व का सबसे महत्वपूर्ण दिन होगा। इस दिन व्रती शाम को विभिन्न घाटों और जलाशयों पर पहुंचकर अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य अर्पित करेंगे। देहरादून में सूर्यास्त का संभावित समय शाम 5:21 बजे बताया गया है।
वहीं, सोमवार 16 नवंबर की सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ ही चार दिवसीय महापर्व का विधिवत समापन होगा। इस दिन सूर्योदय का समय सुबह करीब 6:43 से 6:44 बजे के बीच बताया गया है।
देहरादून में टपकेश्वर मंदिर क्षेत्र, ब्रह्मपुरी, प्रेमनगर और चंद्रबनी सहित विभिन्न स्थानों पर छठ पूजा को लेकर विशेष तैयारियां की गई हैं। छठ पर्व में व्रती महिलाएं और पुरुष परिवार की सुख-समृद्धि, संतान की लंबी आयु और खुशहाली की कामना के लिए भगवान सूर्य और छठी मैया की आराधना करते हैं।
छठ पूजा केवल धार्मिक आस्था का पर्व ही नहीं, बल्कि सामाजिक एकता, लोक संस्कृति और पारिवारिक परंपराओं का भी प्रतीक है। इस अवसर पर घाटों पर भक्ति, श्रद्धा और उत्साह का विशेष वातावरण देखने को मिलता है।
रिपोर्टर राजू ठाकुर
