देहरादून एयरपोर्ट रोड पर बुधवार देर रात एक जंगली हाथी ने बुलेट सवार युवक पर हमला कर दिया। हाथी की चपेट में आने से युवक सड़क किनारे गिर पड़ा। इसी दौरान हाथी उसके बेहद करीब से गुजरा और उसके ऊपर पैर रखते हुए आगे बढ़ गया। हैरानी की बात यह रही कि इतनी गंभीर घटना के बावजूद युवक की जान बच गई। घटना के बाद हाथी सड़क किनारे लगी रेलिंग तोड़कर जंगल की ओर चला गया।
इस घटना ने एक बार फिर एयरपोर्ट रोड और आसपास के वन क्षेत्रों में वाहन चालकों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है। जंगल और आबादी के बीच संपर्क होने के कारण इस क्षेत्र में हाथियों की आवाजाही बनी रहती है। विशेषकर रात के समय सड़क पर अचानक हाथी सामने आने से दुर्घटना और जानलेवा हमलों का खतरा बढ़ जाता है।
**राजाजी लैंडस्केप में बढ़ता मानवीय दबाव**
देहरादून और हरिद्वार का बड़ा हिस्सा राजाजी टाइगर रिजर्व और उससे जुड़े वन क्षेत्रों के हाथी परिदृश्य का हिस्सा है। भारतीय वन्यजीव संस्थान (WII) और उत्तराखंड वन विभाग की वर्ष 2022 की संयुक्त दीर्घकालिक योजना में राजाजी लैंडस्केप में हाथियों के आवागमन और उनके प्राकृतिक आवास पर बढ़ते मानवीय दबाव का उल्लेख किया गया है।
रिपोर्ट के अनुसार, सड़कों, बस्तियों और अन्य आधारभूत संरचनाओं के विस्तार से हाथियों के प्राकृतिक आवागमन के रास्ते प्रभावित हो रहे हैं। जंगलों से गुजरने वाले मार्गों पर बढ़ती मानवीय गतिविधियां भी मानव और हाथियों के बीच संघर्ष की आशंका बढ़ा रही हैं।
**26 साल में हाथियों के हमलों में 230 लोगों की मौत, 234 घायल**
उत्तराखंड में मानव-वन्यजीव संघर्ष की गंभीरता वन विभागीय आंकड़ों से भी सामने आती है। जनवरी 2000 से दिसंबर 2025 तक के आंकड़ों पर आधारित एक शोध अध्ययन के अनुसार, प्रदेश में हाथियों के हमलों में 230 लोगों की मौत हुई, जबकि 234 लोग घायल हुए। यानी 26 वर्षों में कुल 464 लोग हाथियों के हमलों से प्रभावित हुए।
इससे पहले मई 2025 में प्रकाशित मोंगाबे की रिपोर्ट में फरवरी 2025 तक के आंकड़ों के आधार पर हाथियों के हमलों में 227 लोगों की मौत और 230 लोगों के घायल होने की जानकारी दी गई थी। दिसंबर 2025 तक के आंकड़ों में यह संख्या बढ़कर 230 मौत और 234 घायल हो गई।
**सुरक्षा इंतजामों की समीक्षा जरूरी**
एयरपोर्ट रोड की ताजा घटना के बाद हाथियों की नियमित आवाजाही वाले संवेदनशील मार्गों पर सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने की जरूरत महसूस की जा रही है। रात के समय वाहन चालकों को सतर्क करने के लिए चेतावनी संकेतक, निर्धारित गति सीमा, निगरानी व्यवस्था और वन विभाग की त्वरित प्रतिक्रिया प्रणाली कितनी प्रभावी है, इसकी समीक्षा जरूरी है।
हाथियों के पारंपरिक आवागमन वाले रास्तों पर सुरक्षित यातायात व्यवस्था विकसित करना समय की मांग है, ताकि वन्यजीवों की आवाजाही भी बाधित न हो और सड़क से गुजरने वाले लोगों की जान भी सुरक्षित रहे।
