देहरादून। गढ़वाली सिनेमा के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि बन चुकी राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता फीचर फिल्म ‘ढोली’ का टीजर गुरुवार को दून पुस्तकालय एवं शोध केंद्र के सभागार में लॉन्च किया गया। गढ़वाली भाषा की इस फिल्म को प्रतिष्ठित 72वां राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार मिलने के बाद दर्शकों में इसे लेकर उत्सुकता बढ़ गई है। फिल्म आगामी 27 नवंबर से सिनेमाघरों में प्रदर्शित होगी।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए गढ़रत्न नरेंद्र सिंह नेगी ने कहा कि फिल्में आधुनिक दौर में समाज और संस्कृति को अभिव्यक्त करने का सबसे सशक्त माध्यम हैं। क्षेत्रीय भाषाओं में बनने वाली फिल्में न केवल भाषा के संरक्षण और विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं, बल्कि स्थानीय कला, संस्कृति, लोकगीत, नृत्य, वेशभूषा, पर्यटन और तीर्थाटन को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय पहचान भी दिलाती हैं। उन्होंने कहा कि गढ़वाली सिनेमा के इतिहास में पहली बार किसी फीचर फिल्म को राष्ट्रीय पुरस्कार मिलना पूरे उत्तराखंड की लोककला और संस्कृति का सम्मान है। उन्होंने उम्मीद जताई कि ‘ढोली’ फिल्म ढोल वादकों के संघर्ष, उनकी सामाजिक स्थिति, सम्मान और अधिकारों के प्रति समाज को जागरूक करेगी।

मुख्य अतिथि डॉ. केपी जोशी ने कहा कि ढोल उत्तराखंड की सांस्कृतिक पहचान का अभिन्न अंग है। यह केवल एक वाद्ययंत्र नहीं, बल्कि हमारी परंपराओं और सामाजिक जीवन का महत्वपूर्ण हिस्सा है। इसके बावजूद ढोल वादन से जुड़े कलाकारों को वह सम्मान और पारिश्रमिक नहीं मिल पाया, जिसके वे हकदार हैं। उन्होंने इस पारंपरिक कला के संरक्षण और ढोल वादकों को उचित सम्मान देने की आवश्यकता पर जोर दिया।
विशिष्ट अतिथि प्रेम हिन्डवाल ने कहा कि सामाजिक स्तर पर ढोल वादन की जिम्मेदारी निभाना चुनौतीपूर्ण कार्य है। उन्होंने फिल्म के कलाकारों को ढोल का प्रशिक्षण भी दिया है और फिल्म में नायक जमनदास के गुरु की भूमिका निभाई है। दून पुस्तकालय के अध्यक्ष प्रो. बीके जोशी ने फिल्म को राष्ट्रीय पुरस्कार मिलना गढ़वाली भाषा और सिनेमा के लिए बड़ी उपलब्धि बताया। वहीं कवि, संपादक एवं अभिनेता मदन डुकलान ने इसे गढ़वाली सिनेमा के इतिहास की महत्वपूर्ण उपलब्धि करार दिया।
इस अवसर पर डॉ. राकेश भट्ट, फिल्म के नायक मोहित घिल्डियाल और रमेश नौडियाल ने भी अपने अनुभव साझा किए। उन्होंने फिल्म निर्माण से जुड़े अनुभवों और इसके सांस्कृतिक महत्व पर प्रकाश डाला।
उल्लेखनीय है कि ‘ढोली’ गढ़वाली सिनेमा के 43 वर्षों के इतिहास में पहली ऐसी फीचर फिल्म है, जिसे राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। फिल्म के निर्माता सुनील नायक हैं, जबकि हिंदी और मराठी फिल्मों के चर्चित निर्देशक दिनेश पी. भोसले ने इसका निर्देशन किया है। फिल्म का संगीत गढ़रत्न नरेंद्र सिंह नेगी ने तैयार किया है तथा कहानी और गीत डॉ. नंद किशोर हटवाल ने लिखे हैं।
कार्यक्रम में सुनील बडोनी, आलोक मलासी, दिनेश बौड़ाई, रमेश रावत, भानु जोशी, सचिन रावत, साहित्यकार बीना बेंजवाल, रमाकांत बेंजवाल, चंद्रशेखर तिवारी, सुंदर सिंह बिष्ट, मोहन प्रसाद डिमरी, डीके पांडे और पंकज नैथानी सहित साहित्य एवं फिल्म जगत से जुड़े अनेक लोग मौजूद रहे। फिल्म के कलाकार जसपाल राणा, सोनिया नौडियाल गैरोला, अतुल रावत, सुनील सिंह और तन्मय लोहानी भी कार्यक्रम में उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संयुक्त संचालन सुनील सिंह और सोनिया गैरोला ने किया।
रिपोर्टर राजू ठाकुर
