देहरादून। विश्व हिंदू परिषद बजरंग दल की ओर से अपर नगर मजिस्ट्रेट रविंद्र जवाठा को ज्ञापन सौंपकर देवभूमि उत्तराखंड की सांस्कृतिक एवं धार्मिक मर्यादाओं को बनाए रखने की मांग की गई।
ज्ञापन के माध्यम से संगठन ने कहा कि बड़े सांस्कृतिक एवं धार्मिक आयोजनों की अनुमति देते समय आयोजकों द्वारा निर्धारित नियमों और स्थानीय संस्कृति का पालन सुनिश्चित किया जाना चाहिए। विशेष रूप से गरबा पंडालों एवं दुर्गा पूजा आयोजनों में अश्लीलता, आपत्तिजनक गतिविधियों तथा धार्मिक भावनाओं को आहत करने वाले किसी भी कृत्य पर प्रशासन द्वारा नियमानुसार कार्रवाई की जानी चाहिए।
विहिप बजरंग दल ने प्रशासन से मांग की कि ऐसे आयोजनों की पूर्व निगरानी एवं जांच की व्यवस्था की जाए तथा यदि किसी आयोजन में देवभूमि की संस्कृति और धार्मिक परंपराओं के विपरीत गतिविधियां पाई जाती हैं, तो जिम्मेदार व्यक्तियों को चिन्हित कर कानून के अनुसार कार्रवाई की जाए।
संगठन ने कहा कि धार्मिक आयोजनों की पवित्रता, सामाजिक मर्यादा और कानून-व्यवस्था बनाए रखना प्रशासन तथा आयोजकों की संयुक्त जिम्मेदारी है। ज्ञापन के माध्यम से प्रशासन से आगामी नवरात्रि एवं अन्य बड़े धार्मिक आयोजनों के दौरान विशेष सतर्कता बरतने का आग्रह किया गया।
सेवा में,
जिलाधिकारी महोदय,
देहरादून, उत्तराखंड।
विषय: देहरादून में होने वाले सांस्कृतिक एवं युवाओं की बड़ी भागीदारी वाले आयोजनों में सनातन संस्कृति की गरिमा, महिला सुरक्षा, नशामुक्त वातावरण एवं कानून-व्यवस्था सुनिश्चित करने के संबंध में।
महोदय,
विश्व हिंदू परिषद बजरंग दल की ओर से आपका ध्यान देहरादून में वर्षभर आयोजित होने वाले नवरात्रि, दुर्गा पूजा, गरबा, रामलीला, भजन-संध्या, जागरण, कथा, सांस्कृतिक कार्यक्रमों तथा अन्य ऐसे आयोजनों की ओर आकृष्ट कराना चाहते हैं, जिनमें बड़ी संख्या में युवा एवं महिलाएं भाग लेते हैं।
धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन हमारी सनातन परंपरा और भारतीय संस्कृति के महत्वपूर्ण अंग हैं। देवभूमि उत्तराखंड में इन आयोजनों की धार्मिक गरिमा, सामाजिक मर्यादा, महिलाओं एवं युवाओं की सुरक्षा तथा कानून-व्यवस्था का विशेष ध्यान रखा जाना आवश्यक है।
आज कलाकारों एवं सेलिब्रिटी का युवाओं पर व्यापक प्रभाव है। इसलिए देवभूमि में आने वाले कलाकारों से अपेक्षा है कि वे अपनी लोकप्रियता और सामाजिक जिम्मेदारी को समझते हुए अश्लील, आपत्तिजनक अथवा धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाली भाषा या प्रस्तुति से बचें तथा नशे एवं अन्य सामाजिक रूप से हानिकारक गतिविधियों को प्रोत्साहित करने वाली सामग्री प्रस्तुत न करें। उनकी प्रस्तुतियां युवाओं में सकारात्मक ऊर्जा, संस्कार और भारतीय संस्कृति के प्रति सम्मान का संदेश देने वाली हों।
हमारी प्रमुख मांगें
1. सभी बड़े आयोजनों का पूर्व सत्यापन:
पूरे वर्ष होने वाले धार्मिक, सांस्कृतिक एवं बड़े युवा-केंद्रित आयोजनों की अनुमति से पूर्व आयोजक, कार्यक्रम की रूपरेखा, कलाकारों, आयोजन स्थल, सुरक्षा एवं प्रवेश व्यवस्था का आवश्यक सत्यापन कराया जाए।
2. महिलाओं एवं युवाओं की सुरक्षा:
आयोजन स्थलों पर पर्याप्त सुरक्षा, सीसीटीवी, महिला हेल्प डेस्क एवं शिकायत व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। पहचान छिपाकर संपर्क, धोखे से संबंध बनाने, जबरन धर्मांतरण अथवा किसी महिला के शोषण से संबंधित शिकायत मिलने पर उपलब्ध तथ्यों के आधार पर निष्पक्ष कानूनी जांच की जाए।
3. नशामुक्त आयोजन:
सभी धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजनों में शराब, मादक पदार्थों तथा अन्य अवैध नशीले पदार्थों की बिक्री, वितरण एवं सेवन पर प्रभावी रोक सुनिश्चित की जाए।
4. सनातन संस्कृति एवं धार्मिक गरिमा:
धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजनों में अश्लीलता, आपत्तिजनक भाषा, धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाली प्रस्तुति अथवा सार्वजनिक मर्यादा के उल्लंघन की अनुमति न दी जाए। आयोजकों एवं कलाकारों को इस संबंध में स्पष्ट दिशा-निर्देश दिए जाएं।
5. कलाकारों एवं आयोजकों की जिम्मेदारी:
देहरादून एवं देवभूमि में आने वाले कलाकारों और आयोजकों को स्थानीय संस्कृति, धार्मिक भावनाओं और सार्वजनिक मर्यादा का सम्मान करने के लिए पूर्व में स्पष्ट रूप से सूचित किया जाए। युवाओं पर उनके प्रभाव को देखते हुए सकारात्मक एवं संस्कारयुक्त प्रस्तुतियों को प्रोत्साहित किया जाए।
6. उल्लंघन पर कार्रवाई:
यदि किसी आयोजन में अनुमति की शर्तों, कानून अथवा सार्वजनिक मर्यादा का उल्लंघन पाया जाता है, तो संबंधित आयोजकों एवं जिम्मेदार व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाए।
विश्व हिंदू परिषद बजरंग दल का स्पष्ट मत है कि देवभूमि में होने वाला प्रत्येक धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन हमारी सभ्यता, संस्कार और सामाजिक मर्यादा के अनुरूप होना चाहिए। कलाकारों और आयोजकों को अपनी लोकप्रियता एवं प्रभाव का उपयोग युवाओं में सकारात्मक ऊर्जा, नारी सम्मान, नशामुक्ति और भारतीय संस्कृति के प्रति गौरव की भावना विकसित करने के लिए करना चाहिए।
अतः आपसे निवेदन है कि वर्षभर होने वाले सभी बड़े धार्मिक, सांस्कृतिक एवं युवा-केंद्रित आयोजनों के संबंध में संबंधित विभागों एवं पुलिस प्रशासन को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर सुरक्षा, सांस्कृतिक गरिमा, नशामुक्त वातावरण एवं कानून-व्यवस्था सुनिश्चित करने की कृपा करें।
भवदीय,
विश्व हिंदू परिषद / बजरंग दल
देहरादून महानगर
मौके पर उपस्थित पदाधिकारी में प्रांत टोली सामाजिक समरसता नवीन गुप्ता , प्रांत मिलन प्रमुख बजरंग दल विकास वर्मा,विभाग मंत्री आलोक सिंह जिला अध्यक्ष अनिल मेसोन, हरीश सेठी,जिला मंत्री विशाल चौधरी मंत्री श्याम शर्मा, संयोजक कमल बिजलवान, सोनू गुप्ता हरीश कोहली, आशीष बलूनी,सन्नी सोनकर,यशविंदर चौधरी चौधरी,अनिल चौहान व अन्य रहे
