उत्तराखंड की धामी सरकार ने महिला पुलिसकर्मियों के लिए सेवा के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जनपदीय पुलिस में महिला आरक्षियों के पदों की संख्या 526 से बढ़ाकर 2000 करने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है।
इस प्रस्ताव के तहत 1474 अतिरिक्त पदों को अन्य संवर्गों एवं शाखाओं के स्वीकृत पदों से समायोजित किया जाएगा। सरकार की इस पहल का उद्देश्य वर्तमान में कार्यरत महिला आरक्षियों का समायोजन सुनिश्चित करना और उनके लिए भविष्य में पदोन्नति के बेहतर अवसर उपलब्ध कराना है।
खास बात यह है कि इस व्यवस्था को कुल स्वीकृत पदों की संख्या बढ़ाए बिना और बिना किसी अतिरिक्त वित्तीय भार के लागू करने का प्रस्ताव है। इस फैसले से उत्तराखंड पुलिस में महिला कर्मियों के करियर विकास को नई दिशा मिलने की उम्मीद है।
