उत्तराखंड सरकार द्वारा प्रेमनगर निवासी अधिवक्ता कुणाल ग्रोवर को पशु कल्याण बोर्ड का सदस्य मनोनीत किए जाने पर क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई। इस अवसर पर प्रेमनगर की जनता एवं स्थानीय व्यापारियों ने उनके बिग नंबर-5 स्थित आवास पर पहुंचकर पुष्पमालाएं पहनाकर उनका भव्य स्वागत किया तथा बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने कुणाल ग्रोवर के जनसेवा, गौसेवा एवं सामाजिक कार्यों के प्रति समर्पण की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल एवं सफल कार्यकाल की कामना की। वक्ताओं ने विश्वास व्यक्त किया कि उनके पशु कल्याण बोर्ड में मनोनीत सदस्य बनने से गौ संरक्षण, पशु कल्याण एवं समाज सेवा से जुड़े कार्यों को नई दिशा और गति मिलेगी। उन्होंने कहा कि अधिवक्ता कुणाल ग्रोवर लंबे समय से सामाजिक सरोकारों से जुड़े रहे हैं और समाजहित में सक्रिय भूमिका निभाते आए हैं।
अपने सम्मान से अभिभूत अधिवक्ता कुणाल ग्रोवर ने सभी क्षेत्रवासियों, व्यापारियों एवं शुभचिंतकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वह सरकार द्वारा सौंपी गई जिम्मेदारी का पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ निर्वहन करेंगे तथा पशु कल्याण एवं गौसेवा के क्षेत्र में प्रभावी कार्य करने का प्रयास करेंगे।
इस अवसर पर व्यापार मंडल के वरिष्ठ व्यापारी मोहित ग्रोवर, व्यापार मंडल के मीडिया प्रभारी मोहन सिंह खालसा, अनिल ग्रोवर, केवल शुक्ला सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
