अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर महिला व्यापार मंडल महानगर देहरादून की अध्यक्ष मधु गुप्ता द्वारा अपने निवास स्थान 9/1 आनंद विहार, जाखन में प्रातः 6:00 बजे से 7:00 बजे तक विशेष योग दिवस समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में क्षेत्र के नागरिकों, महिलाओं एवं युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम का अभ्यास किया।
इस अवसर पर मधु गुप्ता ने योग के महत्व पर प्रकाश डालते हुए विशेष रूप से सूर्य नमस्कार को दैनिक जीवन में अपनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि नियमित योगाभ्यास न केवल शरीर को स्वस्थ और सशक्त बनाता है, बल्कि मानसिक तनाव को दूर कर व्यक्ति के जीवन में सकारात्मक ऊर्जा का संचार भी करता है।
योग सत्र के दौरान प्रतिभागियों को स्वास्थ्य, फिटनेस और संतुलित जीवनशैली से जुड़े अनेक उपयोगी सुझाव भी दिए गए। मधु गुप्ता ने कहा कि वर्तमान भागदौड़ भरे जीवन में योग एक ऐसा माध्यम है, जो व्यक्ति को शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक रूप से सशक्त बनाता है।
उन्होंने योग दिवस को केवल एक औपचारिक आयोजन न मानते हुए इसे स्वस्थ, सकारात्मक और दीर्घायु जीवन की ओर एक नई शुरुआत बताया। साथ ही उपस्थित लोगों को नियमित योग करने तथा अपने परिवार और समाज को भी योग के प्रति जागरूक करने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों ने स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और योग को अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का संकल्प लिया। योग शिविर का वातावरण उत्साह, ऊर्जा और सकारात्मकता से भरपूर रहा।
