देहरादून में पिस्टल का रौब झाड़ना एक युवक को भारी पड़ गया। पटेलनगर क्षेत्र में पिस्टल का शो-ऑफ करते समय चली गोली से एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि घटना को छिपाने के लिए झूठी कहानी भी गढ़ी गई।
पुलिस के अनुसार 19 जून की रात ओम सिटी स्थित एक फ्लैट में हंसराज सैनी अपने दोस्तों को नई खरीदी गई पिस्टल दिखा रहा था। इसी दौरान उसका साथी गोपाल शर्मा उर्फ भिंडी पिस्टल को चेक कर रहा था, तभी अचानक ट्रिगर दब गया और गोली सीधे हंसराज की नाक के पास जा लगी।
घटना के बाद आरोपी ने घायल युवक को अवैध पिस्टल रखने के मामले में फंसने का डर दिखाया और पूरी घटना को छिपाने के लिए छत पर किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा गोली चलाने की झूठी कहानी तैयार करवाई। इतना ही नहीं, कमरे में फैले खून को भी साफ कर दिया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पटेलनगर पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी गोपाल शर्मा उर्फ भिंडी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल की गई 32 बोर की पिस्टल भी बरामद कर ली गई है।
पुलिस अब पिस्टल की वैधता और पूरे मामले की गहन जांच कर रही है। देहरादून पुलिस ने साफ संदेश दिया है कि हथियारों का प्रदर्शन और लापरवाही किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
