देहरादून। बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक विजयदशमी पर्व देशभर में 20 अक्टूबर को मनाया जाएगा। पर्व को लेकर राजधानी देहरादून में भी तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। शहर के ऐतिहासिक परेड ग्राउंड में आयोजित होने वाले दशहरा महोत्सव को भव्य और आकर्षक बनाने के लिए रावण, कुंभकरण और मेघनाद के विशालकाय पुतले तैयार किए जा रहे हैं। पुतलों के निर्माण का कार्य दिन-रात जारी है। दशहरा महोत्सव के दौरान रावण दहन देखने के लिए हर वर्ष बड़ी संख्या में लोग परेड ग्राउंड पहुंचते हैं।
इस वर्ष दशहरा महोत्सव का मुख्य आकर्षण 181 फीट ऊंचा रावण का पुतला होगा। इसके साथ ही कुंभकरण और मेघनाद के 70-70 फीट ऊंचे पुतले भी तैयार किए जा रहे हैं। रावण के पुतले की ऊंचाई में पिछले वर्ष की तुलना में 60 फीट की वृद्धि की गई है, जिससे इस बार का आयोजन और भी भव्य होने की उम्मीद है।
हरियाणा के कारीगरों के हाथों तैयार हो रहे पुतले विशालकाय पुतलों को तैयार करने की जिम्मेदारी हरियाणा के प्रसिद्ध विश्व रिकॉर्डधारी कारीगर तेजिंदर सिंह चौहान और उनकी टीम संभाल रही है। बताया जाता है कि तेजिंदर सिंह चौहान पिछले 41 वर्षों से रावण के पुतले बनाने का कार्य कर रहे हैं। उनकी टीम पुतलों को आकर्षक और भव्य स्वरूप देने में जुटी हुई है। दशहरा पर्व पर इन पुतलों का दहन देखने के लिए शहरवासियों के साथ ही आसपास के क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना है।
पिछले साल की तुलना में रावण का पुतला 60 फीट ऊंचा परेड ग्राउंड में इस बार पुतलों की ऊंचाई में भी बदलाव किया गया है। वर्ष 2025 में रावण का पुतला 121 फीट ऊंचा था, जिसे इस वर्ष बढ़ाकर 181 फीट कर दिया गया है। वहीं, कुंभकरण के पुतले की ऊंचाई पिछले वर्ष की तरह 70 फीट रखी गई है। दूसरी ओर, मेघनाद के पुतले की ऊंचाई 2025 में 75 फीट थी, जिसे इस वर्ष घटाकर 70 फीट किया गया है।
श्री गोपीनाथ मंदिर बन्नू बिरादरी के तत्वावधान में आयोजन देहरादून के ऐतिहासिक परेड ग्राउंड में दशहरा महोत्सव का आयोजन श्री गोपीनाथ मंदिर (बन्नू बिरादरी) के तत्वावधान में किया जा रहा है। आयोजन को लेकर तैयारियां अंतिम चरण की ओर बढ़ रही हैं। विजयदशमी के अवसर पर होने वाले इस भव्य आयोजन में रावण, कुंभकरण और मेघनाद के पुतलों का दहन आकर्षण का प्रमुख केंद्र रहेगा।
इन विभिन्नताओं के अतिरिक्त इस आयोजन में और भी बहुत सी विभिन्नताएं एवं खासियत है जिसको टीम गूंज केसरी आपके साथ जल्दी साझा करेंगी।
रिपोर्टर प्रियांशु/ आकांक्षा कैमरा पर्सन
