प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में राजग सरकार के तीसरे शपथ ग्रहण समारोह के साक्षी उत्तराखंड के भाजपा नेता भी बनेंगे।प्रदेश की भाजपा सरकार के मंत्री, विधायकों के साथ ही सभी सांसद, राज्यसभा सदस्य, निवर्तमान सांसद, भाजपा के प्रदेश पदाधिकारी, जिलाध्यक्ष और मोर्चों के प्रदेश अध्यक्ष समारोह में भाग लेने दिल्ली जाएंगे। भाजपा के प्रदेश महामंत्री आदित्य कोठारी ने इसकी पुष्टि की। उन्होंने कहा कि राज्य से इस समारोह में शामिल होने वाले नेताओं की संख्या लगभग 150 है।
अब जबकि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को राजग संसदीय दल का नेता चुन लिया गया है और वह लगातार तीसरी बार देश की बागडोर संभालने जा रहे हैं तो इससे उत्तराखंड भाजपा भी उत्साहित है।पार्टी ने तय किया है कि उसके सभी प्रमुख नेता प्रधानमंत्री मोदी के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होंगे। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी पहले ही दिल्ली में हैं। रविवार को होने वाले शपथ ग्रहण समारोह के लिए अन्य नेता शनिवार व रविवार को दिल्ली पहुंचेंगे।