शहर की बदहाल सड़कों, जलभराव, खराब स्ट्रीट लाइट, टूटे फुटपाथ और बढ़ते अतिक्रमण के खिलाफ सुराज सेवा दल ने मंगलवार को स्मार्ट सिटी कार्यालय, राजेंद्र नगर के बाहर प्रदर्शन कर विरोध जताया। प्रदर्शनकारियों ने मुख्यमंत्री से देहरादून की विभिन्न समस्याओं के तत्काल समाधान की मांग की।
सुराज सेवा दल के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने शहर की टूटी सड़कों, जलभराव, खराब स्ट्रीट लाइट, फुटपाथों और सार्वजनिक मार्गों पर अवैध अतिक्रमण तथा स्मार्ट सिटी से संबंधित कार्यों में अनियमितताओं के खिलाफ नारेबाजी की।
इस दौरान मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन के माध्यम से देहरादून शहर की टूटी सड़कों की तत्काल मरम्मत, जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान, खराब स्ट्रीट लाइटों को दुरुस्त करने, फुटपाथों एवं सार्वजनिक मार्गों से अतिक्रमण हटाने तथा स्मार्ट सिटी परियोजना के कार्यों की गुणवत्ता की जांच कराने की मांग की गई।
प्रदर्शन को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष गणेश जोशी ने कहा कि देहरादून उत्तराखंड की राजधानी है, लेकिन यहां आम जनता मूलभूत सुविधाओं के लिए परेशान है। स्मार्ट सिटी के नाम पर सुविधाएं मिलने के बजाय अव्यवस्था, ट्रैफिक जाम, जलभराव और निर्माण कार्यों की समस्याएं सामने आ रही हैं। उन्होंने कहा कि जनता के टैक्स के पैसे से होने वाले कार्यों में लापरवाही और भ्रष्टाचार किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

प्रदेश महामंत्री देवेंद्र सिंह ने कहा कि स्मार्ट सिटी परियोजना के नाम पर करोड़ों रुपये के कार्य होने के बावजूद जनता को मूलभूत सुविधाएं नहीं मिल पा रही हैं। उन्होंने अधिकारियों और ठेकेदारों की लापरवाही के लिए जिम्मेदारी तय कर कार्रवाई की मांग की।
युवा अध्यक्ष हिमांशु धामी ने कहा कि शहर की टूटी सड़कें, खराब लाइट, जलभराव और अतिक्रमण युवाओं, विद्यार्थियों, महिलाओं और आम नागरिकों के लिए लगातार परेशानी का कारण बने हुए हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि समस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं हुआ तो युवा शक्ति को साथ लेकर सड़क पर उतरकर आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
सुराज सेवा दल ने चेतावनी दी कि देहरादून शहर की जनसमस्याओं पर जल्द ठोस कार्रवाई नहीं हुई तो संगठन की ओर से चरणबद्ध आंदोलन शुरू किया जाएगा। प्रदर्शन में रमेश जोशी, देवेंद्र सिंह, सुमित अग्रवाल, हिमांशु धामी, अमित अग्रवाल, राजेश राणा सहित संगठन के कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
