उच्च हिमालयी क्षेत्र में स्थित केदारनाथ में यात्राकाल के दौरान प्रतिदिन हेलीकाप्टरों की लगभग ढाई सौ उड़ानें हो रही हैं, लेकिन बचाव के लिए रेस्क्यू मैनेजमेंट शून्य है। शुक्रवार को केदारनाथ क्षेत्र में हेलीकाप्टर की इमरजेंसी लैंडिंग में भी यह दृष्टिगोचर हुआ। हेलीपैड पर कोई सुरक्षा कर्मी तक नहीं था।तकनीकी खराबी के कारण हेलीकाप्टर अनियंत्रित हुआ तो अफरातफरी का आलम था। रेस्क्यू मैनेजमेंट जैसी कोई बात नहीं दिखी। ऐसे में हेली सेवाओं के संचालन में रेस्क्यू को लेकर प्रश्न खड़े होना स्वाभाविक है। समुद्रतल से 11657 फीट की ऊंचाई पर स्थित केदारनाथ धाम के लिए यात्राकाल के दौरान इस बार नौ हेली सेवा प्रदाता कंपनियां तीन सेक्टर सिरसी, गुप्तकाशी व फाटा से नौ हेलीपैड से हेली सेवाएं संचालित कर रही हैं।