उत्तरकाशी टलन हादसे में 10वें दिन भी रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है। टनल में फंसे लोगों ने मंगलवार सुबह राहत की सांस ली जब रेस्क्यू ऑपरेशन में जुटे लोगों ने उनके साथ बातचीत हुई। दोनों ओर की तरफ से बात होने पर टनल में फंसे लोगों का हौसला भी बढ़ा। फंसे लोगों ने उम्मीद जताई कि जल्द ही उन्हें रेस्क्यू कर सकुशल बाहर निकाल लिया जाएगा।
उत्तरकाशी में सिलक्यारा सुरंग के भीतर श्रमिकों से मंगलवार तड़के एंडोस्कोपिक फ्लेक्सी कैमरे के जरिए सम्पर्क हुआ। छह इंच के पाइप को मलबे के पार पहुंचा कर इसमें कैमरा डाल श्रमिकों से सम्पर्क हो सका। इसी पाइप के जरिए श्रमिकों तक खाना भी पहुंचाया गया। सुरंग हादसे के दसवें दिन मंगलवार तड़के तीन बजकर 51 मिनट पर बड़ी सफलता मिली।
सोमवार देर रात छह इंच का पाइप मलबे को पार कर पहुंचा दिया गया था। इसके बाद मंगलवार तड़के फ्लेक्सी कैमरा सुरंग के दूसरे हिस्से मलबे के पार पहुंचाया गया। कैमरे में सभी श्रमिकों को देख राहत की सांस ली गई। बाकायदा सभी की विडियो के जरिए गिनती की गई। एक एक श्रमिक का नाम लेकर तस्दीक की गई।
बाहर से कैमरे के जरिए जो भी दिशा निर्देश दिए गए, उन्हें श्रमिक मानते नजर आए। इससे साफ हो गया कि टनल के भीतर फंसे श्रमिकों को बाहर से जो कुछ भी कहा जा रहा है, वो उन्हें पूरा सुनाई दे रहा है। कैमरे के जरिए सुरंग के भीतर की स्थिति को एक्सपर्ट ने देखा। सुरंग के भीतर मलबे के ढेर की दूसरी ओर की स्थिति को भी परखा गया।