देहरादून। आगामी विधानसभा चुनाव-2027 की तैयारियों के बीच देहरादून पुलिस महकमे में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया गया है। एसएसपी देहरादून की ओर से जारी आदेश के तहत निरीक्षक और उपनिरीक्षक स्तर के कुल 18 पुलिस अधिकारियों के स्थानांतरण किए गए हैं। सभी तबादले तत्काल प्रभाव से लागू कर दिए गए हैं।
तबादला सूची के अनुसार पुलिस लाइन में तैनात सात इंस्पेक्टरों को अलग-अलग थानों की कमान सौंपी गई है। इनमें कमल मोहन भंडारी को कोतवाली नगर, कुन्दन सिंह राणा को पटेलनगर, विरेंद्र चन्द्र रमौला को रायपुर, मुकेश चौहान को रायवाला, मनोहर भंडारी को प्रेमनगर, नरेंद्र बिष्ट को सहसपुर और शांति कुमार को सेलाकुई थाना प्रभारी बनाया गया है।

इसके अलावा निरीक्षक बीएल भारती को चकराता से मसूरी, राकेंद्र कठैत को एएचटीयू से नेहरू कॉलोनी और नरेश राठौर को पटेलनगर से पुलिस कार्यालय भेजा गया है।
वहीं, उपनिरीक्षक स्तर पर भी कई अधिकारियों की जिम्मेदारियां बदली गई हैं। पुलिस अधिकारियों को थानों, एसओजी, एसआईएस शाखा और पुलिस कार्यालय में नई तैनाती दी गई है।
आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए इस फेरबदल को कानून-व्यवस्था मजबूत करने और पुलिसिंग व्यवस्था को चुस्त-दुरुस्त बनाने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।
