देहरादून। उत्तराखंड के बहुचर्चित अंकिता भंडारी प्रकरण में विनोद आर्य और उनके वकील अनुज पुंडीर के खिलाफ पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर ली है। एफआईआर दर्ज कराने की मांग को लेकर अंकिता भंडारी के माता-पिता के साथ कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल और विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि पुलिस अधिकारियों से मिलने पहुंचे।
इस दौरान गणेश गोदियाल ने आरोप लगाया कि पुलिस द्वारा एफआईआर दर्ज करने में लापरवाही बरती जा रही थी। उन्होंने बताया कि जब सभी लोगों को इसकी जानकारी मिली तो वे एकजुट होकर पुलिस अधिकारियों के पास पहुंचे और स्पष्ट कर दिया कि जब तक एफआईआर दर्ज नहीं होगी, तब तक वे वहां से नहीं हटेंगे।
गोदियाल के अनुसार, लगातार दबाव बनाए जाने के बाद पुलिस ने विनोद आर्य और उनके वकील अनुज पुंडीर के खिलाफ एफआईआर दर्ज की। इस दौरान गणेश गोदियाल के साथ कांग्रेस कार्यकर्ता भी पुलिस मुख्यालय में डटे रहे। अंकिता के माता-पिता ने भी इस मामले में कार्रवाई की मांग उठाई।
रिपोर्टर राजू ठाकुर
