लोकसभा की टिहरी गढ़वाल संसदीय सीट पर मतदाताओं ने इस बार भी राज परिवार पर ही विश्वास बनाए रखा। टिहरी राज परिवार से ताल्लुक रखने वाली भाजपा प्रत्याशी माला राज्य लक्ष्मी शाह ने 53.66 प्रतिशत मत हासिल कर यहां लगातार चौथी जीत दर्ज की। यद्यपि, इस बार उनके मत प्रतिशत में गिरावट आई है।वहीं, कांग्रेस की हार के पीछे प्रत्याशी चयन को लेकर शुरुआती दौर में ऊहापोह और कमजोर सांगठनिक ढांचे जैसे कारण गिनाए जा रहे हैं।
उत्तरकाशी, टिहरी व देहरादून जिलों में फैली टिहरी गढ़वाल संसदीय सीट को टिहरी राज परिवार की परंपरागत सीट माना जाता है। अब तक के आम चुनाव में यह 13वां अवसर है, जब राज परिवार के सदस्य को जनता ने चुनकर संसद में भेजा है।इस सीट पर भाजपा ने फिर माला राज्य लक्ष्मी शाह को फिर से मैदान में उतारा था। पिछली बार की तरह ही इस चुनाव में भी उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी की लोकप्रियता और किसान सम्मान निधि, आयुष्मान योजना, उज्ज्वला योजना, मुफ्त राशन जैसी केंद्रीय योजनाओं को जनता के समक्ष रखा।
ऐसे में वह इन योजनाओं के लाभार्थियों का समर्थन हासिल करने में सफल रही। ग्राम स्तर तक फैले भाजपा संगठन ने भी इन्हीं बिंदुओं पर ध्यान केंद्रित किए रखा। यद्यपि, चुनाव का परिणाम भाजपा प्रत्याशी माला राज्य लक्ष्मी शाह के पक्ष में आया है, लेकिन यह भी सही है कि भाजपा के मत प्रतिशत में 10.87 प्रतिशत की गिरावट भी दर्ज की गई है।
कांग्रेस प्रत्याशी को मिले 22.05 प्रतिशत मत
मुख्य मुकाबले में रहे कांग्रेस प्रत्याशी पूर्व विधायक जोत सिंह गुनसोला को 22.05 प्रतिशत मत ही मिले। कांग्रेस का यह प्रदर्शन उसे पिछली बार मिले मतों से 8.17 प्रतिशत कम रहा है। तब कांग्रेस ने यहां 30.22 मत हासिल किए थे। इस चुनाव में कांग्रेस ने भाजपा प्रत्याशी की सक्रियता, प्रजा का सेवक जैसे मुद्दे उछाले, लेकिन इनका अधिक असर नहीं दिखा।
मत प्रतिशत में आई गिरावट कांग्रेस के लिए भी मंथन का विषय है। वहीं, मुकाबले में तीसरा कोण बने निर्दलीय प्रत्याशी बाबी पंवार अपनी दमदार उपस्थिति दर्ज कराने में सफल रहे। पंवार ने 19.05 मत हासिल कर भाजपा व कांग्रेस दोनों के ही वोटबैंक में सेंध लगाई। चुनाव मैदान में उतरे शेष आठ प्रत्याशी अपनी जमानत बचाने में सफल नहीं हो पाए।
- 1577664 हैं टिहरी सीट पर कुल मतदाता
- 846629 मतदाताओं ने किया मताधिकार का प्रयोग
- 53.76 रहा इस बार का कुल मत प्रतिशत
- 11 प्रत्याशी किस्मत आजमा रहे थे इस सीट पर
- 53.79 प्रतिशत मत मिले इस बार भाजपा को
- 22.18 प्रतिशत मतों पर कांग्रेस को करना पड़ा संतोष
वहीं, कांग्रेस प्रत्याशी जोत सिंह गुनसोला की स्थिति को विधानसभा क्षेत्रवार देखें तो उन्हें बढ़त तो किसी में नहीं मिली, लेकिन विशुद्ध पर्वतीय भूगोल वाले पुरोला, यमुनोत्री, गंगोत्री, घनसाली, प्रतापनगर, धनोल्टी व टिहरी विधानसभा क्षेत्रों में उन्हें 2400 से 7538 के बीच ही मत मिले। भाजपा प्रत्याशी को इन सीटों पर 10 हजार से 22 हजार के बीच मत प्राप्त हुए। मैदानी क्षेत्र के अन्य सात विधानसभा क्षेत्रों में भाजपा को अच्छी बढ़त हासिल हुई।
दलों को विस क्षेत्रवार मिले मत
- विस क्षेत्र, भाजपा, कांग्रेस
- पुरोला, 13552, 3652
- यमुनोत्री, 14477, 2446
- गंगोत्री, 20513, 4548
- घनसाली, 21727, 6094
- प्रतापनगर, 17043, 7538
- धनोल्टी, 18366, 3757
- टिहरी, 10838, 4793
- चकराता, 14640, 11336
- विकासनगर, 44511, 25342
- देहरादून कैंट, 49270, 17078
- रायपुर, 65407, 24710
- राजपुर रोड, 40178, 17237
- सहसपुर, 72125, 38215
- मसूरी, 45749, 20592
- (नोट: ये ईवीएम के मत हैं)