किसानों को मोदी सरकार ने एक बड़ा तोहफा दिया है,जिसके तहत गेहूं, मसूर समेत रबी की 6 फसलों पर न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) बढ़ाने का फैसला लिया गया है। ये निर्णय बुधवार को मोदी सरकार की केंद्रीय कैबिनेट की बैठक में लिया गया। इस पर अब उत्तराखंड के सीएम पुष्कर सिंह धामी की प्रतिक्रिया सामने आई है।
सीएम धामी ने ट्वीट कर लिखा कि आदरणीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के कुशल नेतृत्व में किसानों के कल्याण हेतु केंद्र सरकार ने रबी फसलों (विपणन सीजन 2024-25) के लिए निर्धारित न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) की दरों में वृद्धि को मंजूरी दी है। यशस्वी प्रधानमंत्री जी द्वारा कृषकों को सशक्त बनाने की दिशा में लिए गए इस अभूतपूर्व निर्णय हेतु कोटिशः आभार!
केंद्र सरकार के मुताबिक रबी की 6 फसलों के MSP को निर्धारित करने का निर्णय किया गया है। तिलहन और सरसों में MSP में 200 रुपए प्रति क्विंटल की बढ़ोतरी की गई है। गेहूं के लिए 150 रुपए प्रति क्विंटल की बढ़ोतरी की गई है। चने के लिए 105 रुपए प्रति क्विंटल बढ़ोतरी की गई है। मसूर के लिए 425 रुपए प्रति क्विंटल की वृद्धि की गई है। जौ के लिए 115 रुपए और कुसुम के लिए 150 रुपए का इजाफा किया गया है।