जिले के बहादराबाद थाना क्षेत्र में अतमलपुर बौंगला बाईपास के पास आज सोमवार सुबह खेत में एक युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई. युवक का लहूलुहान शव देखकर ग्रामीणों के होश उड़ गए. मौके पर शराब और पानी की बोतलें भी पाई गई. स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लिया.
कुछ ही देर में मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई. फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया और टीम ने मौके से साक्ष्य एकत्रित किए. युवक के सिर पर गंभीर चोट के निशान मिले हैं, इसलिए हत्या की आशंका जताई जा रही है. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भिजवा दिया है.
जानकारी के मुताबिक सोमवार सुबह बौंगला बाईपास के पास रोजाना की तरह ग्रामीण खेतों में काम के लिए गए थे. इसी दौरान एक पौपुलर के खेत में शव पड़ा दिखाई दिया. शव को देखते ही ग्रामीणों के होश उड़ गए. धीरे धीरे मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई. सूचना मिलते ही बहादराबाद थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लिया.
पुलिस ने भीड़ से मृतक की शिनाख्त कराने के भी प्रयास किए, लेकिन शिनाख्त नहीं हो सकी. मृतक की उम्र करीब 40 वर्ष बताई जा रही है. पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और घटनास्थल के आसपास की सड़कों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है. मौके पर मृतक की जेब से एक मोबाइल फोन और आसपास शराब की खाली बोतलें बरामद हुई हैं. इसलिए पुलिस मामले को हत्या से जुड़ा मानकर जांच को आगे बढ़ा रही है.