देहरादून। डीएवी पीजी कॉलेज छात्रसंघ चुनाव को लेकर विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है। कांग्रेस प्रदेश सचिव विनीत प्रसाद भट्ट उर्फ (बंटू) की रिहाई के बाद NSUI और युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री आवास की ओर कूच किया। प्रदर्शनकारियों ने छात्रसंघ चुनाव में कथित धांधली और पुलिस-प्रशासन के दुरुपयोग का आरोप लगाते हुए पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग उठाई। प्रदर्शन के दौरान जैसे ही प्रदर्शनकारी मुख्यमंत्री आवास की ओर बढ़ रहे थे, उसी दौरान पुलिस ने हाथीबड़कला के पास बैरिकेडिंग लगाकर उन्हें रोक लिया।
कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच तीखी नोकझोंक हुई। प्रदर्शन के दौरान सौरभ सेमवाल, अतुल सक्सेना समेत अन्य कार्यकर्ताओं को पुलिस ने हिरासत में लिया। इस प्रदर्शन में पुलिस की गाड़ी में एक प्रदर्शनकारी की हालत बिगड़ने की तस्वीर भी सामने आई है l
NSUI-युवा कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि DAV PG कॉलेज छात्रसंघ चुनाव के दौरान ABVP से जुड़े लोगों ने चुनाव समिति की टेबल फेंकने तथा डराने-धमकाने का प्रयास किया। प्रदर्शनकारियों ने जिला प्रशासन पर भी दबाव में काम करने का आरोप लगाया। उनका कहना है कि चुनाव प्रक्रिया के दौरान बड़े पैमाने पर अनियमितताएं हुईं और पुलिस तथा प्रशासन का कथित रूप से गलत इस्तेमाल किया गया।
गौरतलब है कि 29 सितंबर को DAV PG कॉलेज में मतदान के दौरान भी कांग्रेस-NSUI कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच विवाद हुआ था। पुलिस ने विनीत प्रसाद भट्ट को हिरासत में लिया था। बाद में उनके खिलाफ दर्ज पुराने मामले में गिरफ्तारी और न्यायिक कार्रवाई की खबर सामने आई थी।
कांग्रेस और NSUI नेताओं ने मांग की है कि DAV PG कॉलेज छात्रसंघ चुनाव से जुड़े पूरे घटनाक्रम की निष्पक्ष जांच कराई जाए और यदि चुनाव प्रक्रिया में किसी प्रकार की अनियमितता सामने आती है तो संबंधित लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाए।
रिपोर्टर राजू ठाकुर l
