कोहरे और कड़ाके की ठंड के लिए हो जाएं तैयार, जानिए मौसम का क्या है पूर्वानुमान

उत्तराखंड में मौसम विभाग ने 8 दिसंबर तक के लिए मौसम का पूर्वानुमान जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार कुमाऊं मंडल के पिथौरागढ़, बागेश्वर, अल्मोड़ा, चंपावत, नैनीताल और ऊधमसिंहनगर जनपदों में कहीं-कहीं बहुत हल्की से हल्की वर्षा होने की संभावना है।

5 दिसंबर को राज्य के ऊधमसिंहनगर और हरिद्वार जनपदों के कुछ भागों में सुबह के समय कोहरा छाने की संभावना जताई गई है। इस बीच अन्य जनपदों में मौसम शुष्क रह सकता है। मौसम विभाग ने तात्कालिक मौसम पूर्वानुमान जारी करते हुए चमोली, बागेश्वर तथा पिथौरागढ़ के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में कहीं-कहीं गर्जन वाले बादल विकसित होने की बात कही है.

यहां बहुत हल्की वर्षा और बर्फबारी होने की भी संभावना है। ऊधमसिंहनगर, चंपावत तथा नैनीताल जनपदों में कहीं-कहीं हल्की बारिश हो सकती है। उधर, चमोली जिले के नीती घाटी में और उत्तरकाशी जिले के यमुनोत्री में बर्फबारी से तापमान में गिरावट आ गई है। यहां कड़ाके की ठंड पड़ रही है। घाटी बर्फ से ढक गई है। यमुनोत्री धाम सहित आसपास के क्षेत्रों में बर्फबारी हुई जबकि बड़कोट तहसील क्षेत्र में बारिश का मौसम बना हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *