गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर पापड़गाड़ के समीप शनिवार को बड़ा हादसा होने से बाल-बाल बच गया. गंगोत्री की ओर जा रहा कांवड़ यात्रियों का पिकअप वाहन अचानक अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे उतर गया और गंगा नदी की ओर स्लीप होने लगा. वाहन खाई के मुहाने पर जाकर अटक गया. यदि वाहन कुछ और नीचे खिसकता तो सीधे उफनती गंगा नदी में गिर सकता था. हादसे में वाहन में सवार सभी कांवड़ यात्री पूरी तरह सुरक्षित बताए जा रहे हैं.
पिकअप गंगोत्री की ओर जा रहा था. पापड़गाड़ के पास पहुंचते ही चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया. देखते ही देखते वाहन सड़क से नीचे खिसकते हुए खाई की ओर चला गया. गनीमत रही कि वाहन खाई के मुहाने पर ही अटक गया और आगे नहीं बढ़ा. हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया. आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन और सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) की टीम मौके पर पहुंची. स्थानीय लोगों ने भी रेस्क्यू अभियान में मदद के लिए मोर्चा संभाल लिया.
खाई की ओर लटके वाहन को निकालने के लिए बीआरओ के भारी उपकरणों की मदद ली गई. काफी मशक्कत के बाद वाहन को सुरक्षित तरीके से खाई से बाहर निकालकर सड़क पर लाया गया. इस दौरान कांवड़ यात्रियों को भी सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया. हादसे में किसी भी यात्री के घायल नहीं होने से प्रशासन और यात्रियों ने राहत की सांस ली. स्थानीय लोगों ने पुलिस, प्रशासन तथा बीआरओ की त्वरित कार्रवाई की सराहना की. समय रहते रेस्क्यू अभियान शुरू होने से वाहन को गहरी खाई में गिरने से बचा लिया गया.
मानसून के दौरान गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर कई स्थानों पर भूस्खलन, सड़क धंसने और मलबा आने का खतरा बना हुआ है. ऐसे में प्रशासन ने कांवड़ यात्रा पर जाने वाले यात्रियों और अन्य वाहन चालकों से विशेष सावधानी बरतने की अपील की है. चालकों से कहा गया है कि संवेदनशील स्थानों पर वाहन की गति नियंत्रित रखें और सड़क की स्थिति को देखते हुए ही आगे बढ़ें.
