देहरादून। धर्मपुर विधानसभा के केदार नगर मंडल अंतर्गत वार्ड संख्या 85 एवं 83 में जिला महिला मोर्चा उपाध्यक्ष एवं कार्यक्रम सह-संयोजक श्रीमती हेमा परिहार के नेतृत्व में “आंगन का उत्सव एवं आंगन का मिलन” कार्यक्रम आयोजित किया गया।
मथुरावाला–नौका स्थित आंगनबाड़ी केंद्र संख्या-3 में आंगनबाड़ी कार्यकर्त्री सुमन लोधी, सहायिका साधना थापा एवं आशा कार्यकर्ता माया थापा को सम्मानित किया गया। वहीं गोरख बस्ती में आंगनबाड़ी कार्यकर्त्री माधवी, आशा कार्यकर्ता लक्ष्मी रावत एवं सुपरवाइजर इंदिरा कठैत का भी अभिनंदन किया गया।
कार्यक्रम में गर्भवती महिलाओं की गोद भराई कराई गई तथा बच्चों को पाठ्य सामग्री, फल और चॉकलेट वितरित किए गए। लाभार्थी महिलाओं को महालक्ष्मी किट भी प्रदान की गई। इस दौरान आंगनबाड़ी एवं आशा कार्यकर्ताओं के सेवा कार्यों की सराहना करते हुए उन्हें सम्मानित किया गया।
मुख्य अतिथि वार्ड पार्षद दर्शन लाल बिंजोला एवं वार्ड 85 के मंडल उपाध्यक्ष आशीष रांगड़ रहे। कार्यक्रम में भाजपा के पदाधिकारी, महिला मोर्चा कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में स्थानीय कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
