गोल्डन एरा म्यूजिकल ग्रुप” की ओर से महान गायक मुकेश कुमार साहब की 50वीं पुण्यतिथि के अवसर पर राजेश शर्मा के बड़ोंवाला स्थित आवास पर ‘एक शाम मुकेश के नाम’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में गायकों ने मुकेश साहब के सदाबहार गीतों की प्रस्तुति देकर उन्हें भावपूर्ण संगीतमय श्रद्धांजलि अर्पित की।
इस अवसर पर ग्रुप के ऑर्गेनाइजर राजू ठाकुर ने कहा कि कार्यक्रम का उद्देश्य संगीत के माध्यम से महान गायक मुकेश कुमार साहब
को श्रद्धांजलि देना है। उन्होंने कहा कि भारतीय संगीत पूरी दुनिया के संगीत प्रेमियों को अपनी ओर आकर्षित करता है और मन को शांति प्रदान करता है। मुकेश कुमार साहब
अपनी गुनगुनी और दिल को छू लेने वाली आवाज के लिए प्रसिद्ध रहे हैं और आज भी लोगों के दिलों पर राज करते हैं। उन्होंने कहा कि मुकेश साहब ने ऐसे अनेक गीत गाए, जिनमें आम आदमी के जीवन और भावनाओं की झलक मिलती है तथा जो लोगों को वास्तविकता से जोड़ते हैं। महबूब आलम ने कहा कि मुकेश कुमार साहब की आवाज और उनके गीत संगीत प्रेमियों के दिलों में हमेशा जीवित रहेंगे। उनके गीतों की लोकप्रियता आज भी उसी तरह बरकरार है।
कार्यक्रम में “गोल्डन एरा म्यूजिकल ग्रुप” के गायक राजेश शर्मा, अनामिका, राजबाला शर्मा, महबूब आलम, प्रशांत शर्मा ने शानदार प्रस्तुतियां दीं। ग्रुप के ऑर्गेनाइजर राजू ठाकुर ने भी अपनी प्रस्तुति से समां बांधा। कलाकारों ने ‘जीना यहां मरना यहां’, ‘कोई जब तुम्हारा हृदय तोड़ दे’ और ‘महबूब मेरे’ जैसे लोकप्रिय गीत प्रस्तुत कर श्रोताओं को मुकेश कुमार साहब की यादों से जोड़ दिया।
कार्यक्रम के अंत में ग्रुप के सभी गायकों ने एक साथ ‘एक ‘दिन बिक जाएगा माटी के मोल’ गीत प्रस्तुत किया। इस भावपूर्ण प्रस्तुति के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ और उपस्थित लोगों ने मुकेश कुमार साहब के अमर गीतों को याद करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।