बंद किए गए सम्पर्क मार्ग को खोलने की मांग, स्थानीय निवासियों ने जिलाधिकारी से की कार्रवाई की अपील

देहरादून। मुख्य सहस्रधारा रोड से डिफेन्स एन्क्लेव को जोड़ने वाले सम्पर्क मार्ग को कथित रूप से अवरुद्ध किए जाने के विरोध में स्थानीय निवासियों ने जिलाधिकारी देहरादून से तत्काल कार्रवाई की मांग की है।

स्थानीय निवासियों का कहना है कि कुछ व्यक्तियों द्वारा सम्पर्क मार्ग पर लगभग 7 फीट ऊंचे दो पिलर खड़े कर उनके ऊपर लोहे का गेट लगा दिया गया है, जिससे मार्ग पूरी तरह बंद हो गया है। इस मार्ग के बंद होने से आसपास की करीब 8 से 10 कालोनियों के निवासियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

निवासियों के अनुसार, पूर्व में इस मार्ग का उपयोग स्कूल बसों, स्कूल वैन, एम्बुलेंस सहित अन्य वाहनों के आवागमन के लिए किया जाता था। मार्ग बंद होने के बाद विशेष रूप से स्कूली बच्चों, बुजुर्गों और बीमार व्यक्तियों को परेशानी हो रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि एम्बुलेंस सहित अन्य आवश्यक सेवाओं के वाहनों को भी अब इस मार्ग से गुजरने में कठिनाई हो रही है।

प्रभावित स्थानीय निवासियों ने जिलाधिकारी से मांग की है कि मामले का तत्काल संज्ञान लेते हुए संबंधित अधिकारियों को मौके का निरीक्षण करने और मार्ग पर लगाए गए अवरोध को हटाने के निर्देश दिए जाएं, ताकि क्षेत्रवासियों को सुगम आवागमन की सुविधा मिल सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *