हाउस टैक्स जमा करने में सामने आया बड़ा अपडेट, देहरादून नगर निगम में अब ऐसे जमा कराएं कर

देहरादून नगर निगम की विभिन्न सेवाओं का लाभ अब मोबाइल ऐप के माध्यम से मिलेगा। हाउस टैक्स जमा करवाने से लेकर शिकायतें एक क्लिक पर दर्ज कर सकेंगे। निगम द्वारा तैयार करवाई गई ‘नगर निगम देहरादून कम्प्यूटर केंद्र’ ऐप को रविवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने लांच किया।

नगर आयुक्त मनुज गोयल ने बताया कि ऐप के माध्यम से हाउस टैक्स जमा करने, म्यूटेशन, सफाई व्यवस्था, स्ट्रीट लाइटों से संबंधित व अन्य शिकायत दर्ज करने, जन्म मृत्यु प्रमाण पत्र बनवाने, ट्रेड लाइसेंस, डॉग लाइसेंस जैसी सुविधाएं मिलेंगी। उन्होंने बताया कि गूगल प्ले स्टोर से ऐप डाउनलोड किया जा सकता है।

दर्ज करें शिकायत यदि आपके घर से नियमित रूप से कूड़ा उठाने के लिए सफाई वाहन नहीं पहुंच रहे, स्ट्रीट लाइट की मरम्मत नहीं हो पा रही, नाली व रोड आदि का निर्माण कार्य नहीं हो पा रहा या फिर निगम से संबंधित और कोई समस्या है तो आप शिकायत दर्ज कर सकते हैं।

शिकायतकर्ता शिकायत का स्टेटस चेक करने के साथ ही अपना फीडबेक भी दे सकते हैं। ऐप पर दर्ज शिकायतों का निस्तारण करवाने की जिम्मेदारी किसी अधिकारी को सौंपी जाएगी। सफाई से संबंधित समस्या के लिए 24 घंटे का समय निर्धारित किया गया है। नगर निगम की सेवाओं का लाभ ऐप के माध्यम से लोगों को मिल सके, इसके लिए एक ऐप तैयार करवाई गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *