जिला प्रशासन की सख़्ती एक बार फिर मानवता की मिसाल बनकर सामने आई है। देहरादून जिलाधिकारी सविन बंसल ने एक विधवा महिला को राहत दिलाते हुए फाइनेंस कंपनी की मनमानी पर बड़ा एक्शन लिया है।
महिला के पति ने जीवनकाल में एक निजी फाइनेंस कंपनी से गृह ऋण लिया था और इसका बीमा भी कराया था। पति की मृत्यु के बाद बीमा कंपनी द्वारा संपूर्ण राशि चुकाई जानी चाहिए थी, लेकिन फाइनेंस कंपनी के एजेंटों ने महिला को लगातार परेशान किया और मनमाने ढंग से उसका घर जब्त कर लिया।
स्थिति बिगड़ने पर पीड़ित महिला ने जिलाधिकारी से गुहार लगाई। मामले की गंभीरता समझते हुए डीएम सविन बंसल ने तुरंत जांच कराई। पता चला कि बीमा होने के बावजूद फाइनेंस कंपनी ने अवैध तरीके से वसूली की कार्रवाई की और घर कब्जाने की कोशिश की।
जिलाधिकारी ने इसे अमानवीय और गैरकानूनी बताते हुए सोमवार को कंपनी की शाखा को तुरंत सील कराने के आदेश दिए। साथ ही एजेंटों द्वारा किए गए उत्पीड़न पर भी सख़्त कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू की गई है।
डीएम का यह कदम न सिर्फ पीड़िता के लिए राहत लेकर आया, बल्कि निजी फाइनेंस कंपनियों द्वारा की जा रही मनमानी पर भी बड़ा संदेश है। जिले भर में इस कार्रवाई की चर्चा है और एजेंटों में खलबली मची हुई है।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि बीमा वाले ऋण मामलों में किसी भी तरह की अवैध वसूली, धमकी या संपत्ति कब्जाने की कोशिश बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जरूरतमंदों को न्याय दिलाना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।