मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने चमोली के माणा में ग्लेशियर टूटने के बाद हुए हादसे वाली जगह का हवाई सर्वेक्षण कर जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को राहत और बचाव कार्य को तेजी से संचालित करने के निर्देश दिए। सीएम ने बताया कि सरकार प्रभावित श्रमिकों की सुरक्षा और सहायता के लिए पूरी तरह सक्रिय है। बचाव अभियान में NDRF, SDRF और सेना की टीमें जुटी हुई हैं।
हवाई सर्वे करने के बाद मुख्यमंत्री ने कहा कि जोशीमठ में भी आपदा कंट्रोल रूम की स्थापना की जाए। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी चल रहे बचाव अभियान की निगरानी कर रहे हैं। पुष्कर सिंह धामी पल-पल की अपडेट ले रहे हैं। मुख्यमंत्री ने देर रात राज्य इमरजेंसी ऑपरेशन सेंटर पहुंचकर अधिकारियों के साथ बैठक भी की थी और माणा गांव के पास हुए हिमस्खलन में फंसे श्रमिकों के राहत और बचाव कार्य की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को रेस्क्यू अभियान में तेजी लाने और अब तक निकाले गए श्रमिकों की समुचित देखभाल सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
सीएम ने कहा कि एनडीआरएफ, एसडीआरएफ और आईटीबीपी के जवान आपसी सहयोग से बर्फ हटाने का कार्य तेजी से करें। जिन श्रमिकों को निकाला गया है उनका विशेष ख्याल रखा जाए। मुख्यमंत्री ने जोशीमठ स्थित आर्मी अस्पताल, जिला अस्पताल, एम्स ऋषिकेश तक सभी अस्पतालों में पर्याप्त व्यवस्था करने के भी निर्देश दिए।