उत्तराखंड की चारधाम यात्रा के तहत आज शुक्रवार 2 मई 2025 को रुद्रप्रयाग स्थित केदारनाथ धाम के कपाट श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ खोल दिए गए हैं. बाबा केदार के कपाट आज सुबह 7 बजे बैशाख, मास, मिथुन राशि, वृष लग्न में पूरे विधि-विधान के साथ श्रद्धालुओं के लिए खोले गए.
कपाट खुलने के मौके पर 15 हजार से ज्यादा श्रद्धालु केदारनाथ धाम में मौजूद हैं. सीएम धामी भी केदारनाथ धाम के कपाट खुलने के मौके पर उपस्थित रहे. कपाट खुलते समय केदारनाथ धाम में मौजूद 15 हजार श्रद्धालुओं ने एक साथ बाबा केदार के जयकारे से केदार घाटी को गुंजायमान कर दिया.
केदारनाथ मंदिर को इस मौके पर 108 क्विंटल फूलों से भव्यता से सजाया गया. उखीमठ के ओंकारेश्वर मंदिर से जब बाबा की डोली केदारनाथ को रवाना हुई थी तो तभी से हजारों की संख्या में भक्त भी डोली के साथ चलते हुए केदारनाथ पहुंच गए.
सीएम धामी ने केदारनाथ धाम के कपाट खुलने पर प्रसन्नता जताई. सीएम धामी ने बताया कि उन्होंने पीएम मोदी की ओर से बाबा केदारनाथ की पहली पूजा संपन्न कराई. उन्होंने कहा कि बाबा केदारनाथ के कपाट खुल गए हैं. हम सभी देशवासियों को यात्रा के लिए शुभकामनाएं देते हैं. सीएम धामी ने कहा कि केदारनाथ की यात्रा कठिन होती है.
उत्तराखंड के तीन धामों की यात्रा शुरू हो चुकी है. 4 मई को बदरीनाथ धाम के कपाट खुलेंगे. उस दिन से चारधाम यात्रा पूरी तरह शुरू हो जाएगी. ऐसे में ऋषिकेश से चारधाम यात्रा का विधिवत शुभारंभ 3 मई को ऋषिकेश से होगा. ट्रांसिट कैंप ऋषिकेश में यात्रा के शुभारंभ के लिए संयुक्त रोटेशन व्यवस्था समिति ने भव्य कार्यक्रम के आयोजन की रूपरेखा तैयार की है. कार्यक्रम में मुख्य अतिथि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी पहुंचेंगे. विशिष्ट अतिथि के रूप में पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज, वन मंत्री सुबोध उनियाल, विधायक प्रेमचंद अग्रवाल और महापौर शंभू पासवान शामिल होंगे.