उधम सिंह नगर जिले के खटीमा और किच्छा के पेट्रोल पंप पर तमंचे की नोक पर डकैती डालने वाले पांच बदमाशों के साथ पुलिस का एनकाउंटर हुआ है. किच्छा और खटीमा की संयुक्त पुलिस टीम ने मुठभेड़ के बाद पांचों डकैतों को गिरफ्तार किया है. मुठभेड़ के दौरान एक डकैत के पैर में गोली लगी है. डकैतों से लूटी गी नकदी, दो तमंचे और चोरी की बाइक बरामद हुई है.
किच्छा और खटीमा के पेट्रोल पंप पर डकैती डालने वाले पांच डकैतों को जनपद पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया है. इसमें एक डकैत के पैर में गोली लगी है. घायल डकैत का इलाज अस्पताल में चल रहा है. मुठभेड़ की सूचना मिलते ही एसएसपी ने घटना स्थल का निरीक्षण कर घायल डकैत से अस्पताल में पूछताछ की. डकैती की घटना में शामिल अन्य दो आरोपी फरार चल रहे हैं. आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीम दबिश दे रही है. गिरफ्तार डकैतों को आज कोर्ट में पेश किया जाएगा.
पुलिस के मुताबिक 24 और 26 अप्रैल की रात्रि में खटीमा और किच्छा क्षेत्र में दो बाइकों में सवार 7 डकैतों द्वारा तमंचे की नोक पर पंप कर्मचारियों से हजारों रुपए की डकैती को अंजाम दिया गया था. जिसके बाद से दोनों थानों की टीम सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश में जुटी हुई थी. देर रात्रि में मुखबिर द्वारा सूचना मिली थी कि आरोपी लूट के इरादे से नानकमत्ता और खटीमा के बीच के क्षेत्र में दिखाई दिए हैं.
पूछताछ में डकैतों ने दोनों पेट्रोल पंप में डकैती की घटना को अंजाम देने की बात कबूल की है. तलाशी के दौरान लूटी नकदी से 34 हजार, दो तमंचे, दो कारतूस और घटना में प्रयुक्त बाइक बरामद की है. पूछताछ में डकैतों ने अपने नाम साहिल निवासी फाजिलपुर पोस्ट ऑफिस फाजिलपुर थाना सेक्टर 27 जिला सोनीपत, मोहित निवासी गड़ी बोर थाना अरुण स्टेट जिला रोहतक, राहुल निवासी सीतावली थाना मुहाना जिला सोनीपत, हरेंद्र उर्फ बिट्टू निवासी फाजिलपुर थाना सेक्टर 27 सोनीपत बताया गया है. वारदात में शामिल अन्य दो डकैत फरार चल रहे हैं. पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है.