राजधानी देहरादून के महिला के आत्महत्या का मामला सामने आया है. इस मामले में महिला के भाई की तरफ से पुलिस को एक तहरीर भी दी गई है, जिसके आधार पर पुलिस ने आईटीबीपी जवान पर मुकदमा दर्ज किया है. आरोप है कि आईटीबीपी जवान महिला को बीते 6 महीने परेशान कर रहा था. इसी वजह से महिला ने परेशान होकर आत्महत्या जैसा कदम उठाया. महिला को दो बच्चे भी है.
मृतक महिला के भाई ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वो कल 18 मार्च को किसी काम से गए थे, तभी उनके पास उनकी पत्नी का फोन आया. उनकी पत्नी हल्द्वानी में रहती है. पत्नी ने उनकी बहन का नाम लेते हुए कहा कि उसने आत्महत्या कर ली है. इसके बाद वो दौड़े-दौड़े बहन के घर पहुंचे तो देखा कि उनकी बहन अचेत अवस्था में पड़ी थी.
भाई ने बताया कि उन्होंने बहन को हॉस्पिटल ले जाने के लिए 108 पर कॉल भी किया था, लेकिन तब तक पुलिस भी वहां पहुंच चुकी थी. वहीं भाई का आरोप है कि राजबीर नाम का व्यक्ति, जो आईटीबीपी में कार्यरत है, वो उसकी बहन को काफी समय से परेशान कर रहा था.
भाई का आरोप है कि आरोपी जवान उसकी बहन को काफी समय से ब्लैकमेल भी कर रहा था. आरोपी उसकी बहन को अपने साथ भी ले जाना चाहता था, लेकिन वो जाने के लिए तैयार नहीं था. आखिर में परेशान होकर उसकी बहन ने आत्महत्या कर ली.
भाई का कहना है कि उनकी बहन को कोई परेशान कर रहा है, इसकी जानकारी उन्हें नहीं थी. भाई के अनुसार उसकी बहन देहरादून में बीते तीन चार साल से नौकरी करती थी. उसकी शादी 15 साल पहले हुई थी, उसके दो बच्चे भी है. अभी उन्हें जो जानकारी मिली है, उसके अनुसार आरोपी और उनकी बहन की मुलाकात 6 महीने पहले ही हुई थी. महिला का पति कही बाहर नौकरी करता है. महिला देहरादून में अपने दो बच्चों के साथ रहती थी.
थाना बसंत विहार प्रभारी अशोक राठौड़ ने बताया है कि मृतका के भाई की तहरीर के आधार पर आरोपी राजवीर के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS), 2023 की धारा 108 (आत्महत्या के लिए उकसाना) के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। उपनिरीक्षक मिथुन कुमार को मामले की विवेचना सौंपी गई है. साथ ही पुलिस अब मृतका के मोबाइल फोन और अन्य साक्ष्यों की जांच कर रही है ताकि आरोपी की भूमिका को पूरी तरह स्पष्ट किया जा सके.