उत्तराखंड में कुदरत का ‘कोहराम’, अगले 48 घंटे भारी बारिश और ओलावृष्टि का ऑरेंज अलर्ट

उत्तराखंड में मौसम ने एक बार फिर खतरनाक तेवर अपना लिए हैं। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने गुरुवार और शुक्रवार के लिए प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में ‘ऑरेंज अलर्ट’ जारी किया है। पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से पहाड़ों पर बर्फबारी और मैदानी इलाकों में तेज आंधी के साथ ओलावृष्टि का बड़ा खतरा मंडरा रहा है।

मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक, देहरादून, हरिद्वार, पौड़ी, टिहरी, नैनीताल, चंपावत और ऊधमसिंह नगर में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से ‘स्क्वॉल’ (तीव्र आंधी) चलने की आशंका है। इन क्षेत्रों में ओलावृष्टि से रबी की फसलों, विशेषकर सरसों और गेहूं को भारी नुकसान हो सकता है। प्रशासन ने किसानों को कटी हुई फसल सुरक्षित स्थानों पर रखने की सलाह दी है।

उत्तरकाशी, चमोली और रुद्रप्रयाग जैसे उच्च हिमालयी जिलों में 3000 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले स्थानों पर भारी बर्फबारी की संभावना जताई गई है। बद्रीनाथ और केदारनाथ धाम के ऊपरी हिस्सों में ताजा हिमपात से मार्च के महीने में भी जनवरी जैसी हाड़ कंपाने वाली ठंड का अहसास हो रहा है। पिथौरागढ़ और बागेश्वर में कहीं-कहीं भारी बारिश के कारण भूस्खलन की चेतावनी भी दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *