कॉलेज में आपसी वर्चस्व को लेकर चल रही पुरानी रंजिश के चलते बीटेक के छात्रों के दो पक्षों के बीच मारपीट हो गई थी. घटना में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया था, जिसने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया है. मामले में थाना प्रेमनगर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन छात्रों को गिरफ्तार कर लिया है. गिरफ्तार किए गए छात्र प्रेमनगर स्थित निजी शिक्षण संस्थान में पढ़ते हैं. कुल 15 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज हुआ है. शिकायत मिलने के बाद पुलिस मामले की गहनता से पड़ताल कर रही है.
सोमवार देर रात थाना प्रेमनगर पुलिस को सूचना मिली कि केहरी गांव, प्रेमनगर में कुछ युवकों के बीच आपसी मारपीट में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया है, जिसे उसके साथियों द्वारा इलाज के लिए प्रेमनगर अस्पताल ले गए हैं. सूचना के बाद थाना प्रेमनगर पुलिस सीएससी प्रेमनगर पहुंची थी. घायल युवक 22 वर्षीय दिव्यांशु जाटराना की गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे दून अस्पताल रेफर कर दिया था. अस्पताल में एम्बुलेंस खराब होने पर पुलिस ने घायल युवक को अपने सरकारी वाहन से इलाज के लिए दून अस्पताल लेकर गई. साथ ही घायल युवक के परिजनों को घटना की सूचना दी गई, जिसके बाद परिजन भी दून अस्पताल पहुंचे.
दून अस्पताल में घायल युवक की इलाज के दौरान देर रात में मौत हो गई. जिसके बाद पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा. घटना के संबंध में परिजनों द्वारा दी गई तहरीर के आधार पर थाना प्रेमनगर में मुकदमा दर्ज किया गया. मृतक छात्र उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर का निवासी था.
गिरफ्तार किए गए छात्र
- युवराज कुमार (20) पुत्र चंद्र प्रकाश, निवासी- ग्राम-चांदी आरा, थाना-चांदी आरा, जिला भोजपुर (बिहार) हाल पता-केहरी गांव, लेन नंबर 1, फेस-2, प्रेमनगर देहरादून, ( बीबीए द्वितीय वर्ष का छात्र)
- मधुर खंडेलवाल (19) पुत्र मोहन खंडेलवाल, निवासी- गंगापुर रोड रूद्रपुर, कोतवाली रुद्रपुर, उधम सिंह नगर हाल पता-चित्रकूट एनक्लेव फेस 2, प्रेमनगर, देहरादून, (बीटेक तृतीय वर्ष छात्र)
- शिवम शर्मा (20) पुत्र मृत्युंजय कुमार, निवासी- बिस्वा सरिया नगर गोला रोड दानापुर, थाना दानापुर, पटना, बिहार हाल पता-चित्रकूट एनक्लेव फेज 2, थाना प्रेमनगर, देहरादून, (बीटेक तृतीय वर्ष छात्र)