सारा अली खान को अब केदारनाथ दर्शन के लिए देना होगा एफिडेविट, जानें गैर सनातनियों के लिए नियम

बदरी केदार मंदिर समिति ने बड़ा फैसला लेते हुए दो धामों और अन्य 45 मंदिरों में गैर सनातनियों के प्रवेश पर रोक लगाने का फैसला लिया था. मंगलवार को बीकेटीसी के अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने अभिनेत्री सारा अली खान का उदाहरण देते हुए बताया कि अब केदारनाथ धाम और बदरीनाथ धाम में दर्शन के लिए श्रद्धालुओं को आस्था का शपथ पत्र देना होगा.

उत्तराखंड के प्रसिद्ध चारधामों में शामिल केदारनाथ धाम और बदरीनाथ धाम को लेकर एक बड़ा फैसला सामने आया है. बदरी-केदार मंदिर समिति ने अब इन मंदिरों में दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं के लिए नई व्यवस्था लागू करने की बात कही है, जिसके तहत श्रद्धालुओं को सनातन धर्म में आस्था का शपथ पत्र देना होगा.

इसी संदर्भ में बॉलीवुड अभिनेत्री सारा अली खान का उदाहरण भी सामने आया है. सारा अली खान अब तक कई बार केदारनाथ धाम पहुंच चुकी हैं और वहां दर्शन-पूजन करती रही हैं. उनका केदारनाथ से खास जुड़ाव फिल्म केदारनाथ से भी माना जाता है, जिससे उन्होंने अपने करियर की शुरुआत की थी. इस फिल्म की शूटिंग भी केदारनाथ घाटी में हुई थी, जिसके बाद से वह समय-समय पर यहां आकर पूजा-अर्चना करती नजर आई हैं. ऐसे में समिति का कहना है कि यदि सारा अली खान जैसी हस्ती भी सनातन में आस्था जताते हुए शपथ पत्र देती हैं, तो उन्हें भी दर्शन की अनुमति दी जाएगी.

समिति के अनुसार, यह शपथ पत्र मंदिर परिसर में ही उपलब्ध कराया जाएगा, ताकि श्रद्धालु मौके पर ही अपनी आस्था का प्रमाण दे सके. इस फैसले को लेकर अब प्रदेश में चर्चा तेज हो गई है. जहां एक ओर इसे धार्मिक परंपराओं की रक्षा से जोड़कर देखा जा रहा है, वहीं दूसरी ओर इसे लेकर अलग-अलग प्रतिक्रियाएं भी सामने आ रही हैं.

फिलहाल, बदरी-केदार मंदिर समिति का यह निर्णय आने वाले चारधाम यात्रा सीजन में किस तरह लागू होता है और इसका क्या प्रभाव पड़ता है, इस पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं.

सैफ अली खान और अमृता सिंह की बेटी सारा अली खान भगवान भोलेनाथ की भक्त हैं. वो हर साल केदारनाथ मंदिर के दर्शन करने जाती हैं. इसके साथ ही वो उज्जैन महाकाल के साथ ही अन्य बड़े शिव मंदिरों में भी दर्शन करने जाती हैं. सारा इन मंदिरों में दर्शन करने के बाद सोशल मीडिया पर अपनी तस्वीरें भी साझा करती हैं.

सारा अली खान के साथ ही अभिनेत्री जैकलीन फर्नांडिस भी केदारनाथ की भक्त हैं. जैकलीन केदारनाथ का दौरा कर चुकी है. जैकलीन फर्नांडिस साल 2023 में केदारनाथ गई थी. तब उन्होंने बर्फबारी के बीच दर्शन किए. इसके फोटोज उन्होंने सोशल मीडिया पर शेयर किये थे. फिल्म अभिनेत्री नुसरत भरुचा साल 2024 में केदारनाथ पहुंची थीं. तब उनकी केदारनाथ यात्रा की तस्वीरें खूब वायरल हुईं थी. हिना खान भी केदारनाथ का दौरा कर चुकी है. वे अपनी आध्यात्मिक यात्रा और ट्रेकिंग के लिए यहां पहुंची थी. उन्होंने भी इससे जुड़ी तस्वीरें शेयर की थी.

Also read this news: Top Reasons to Follow the Best News Channel in Dehradun

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *