ऋषिकेश एम्स में छत पर चढ़ा मरीज, सुसाइड की कोशिश:OPD का पर्चा बनाने गए थे रिश्तेदार

उत्तराखंड के ऋषिकेश में स्थित ऑल इंडिया इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंस (एम्स) में 25 मार्च (बुधवार) सुबह 11 बजे करीब एक रोगी, अस्पताल के मनोरोगी विभाग की छठी मंजिल की छत पर चढ़ गया और वहां से छलांग लगाने की कोशिश करने लगा. घटना से पूरे अस्पताल में अफरा तफरी मच गई. घटना ने अस्पताल परिसर में मौजूद सैकड़ों लोगों की सांसें फुला दीं.

जैसे ही सुरक्षाकर्मियों ने युवक को छत की मुंडेर पर देखा, उन्होंने तुरंत मोर्चा संभाला. युवक को कूदने से रोकने के लिए नीचे खड़े सुरक्षाकर्मियों ने उससे बातचीत शुरू की और उसे बातों में उलझाए रखा. इसी बीच, मौके पर मौजूद एक अन्य मरीज के तीमारदार ने साहस का परिचय दिया. वह बिना आहट किए चुपके से छत पर पहुंचा और युवक को पीछे से पकड़कर सुरक्षित खींच लिया. तुरंत ही दो अन्य सुरक्षाकर्मी भी वहां पहुंच गए और स्थिति पर काबू पाया.

घटना के बारे में जानकारी देते हुए एम्स के जनसंपर्क अधिकारी श्रीलोय मोहंती ने बताया कि, मानसिक रूप से अस्वस्थ युवक को इलाज के लिए एम्स में लाया गया था. इस दौरान तीमारदार पर्ची बनाने के लिए ओपीडी की लाइन में लग गया. जबकि युवक इलाज नहीं कराने की जिद पर अड़ गया.

इस दौरान अचानक उसने परिजनों से हाथ छुड़ाया और भागने लगा. भागते-भागते वह एम्स की छठी मंजिल पर लगे गेट की कुंडी को तोड़कर छत पर चढ़ गया. सुरक्षा कर्मियों की सूझबूझ और एक अन्य तीमारदार की मदद से स्थिति को काबू में किया गया. इस पूरी घटना के दौरान मौजूद मरीज, तीमारदार और चिकित्साकर्मी दहशत में रहे. फिलहाल सुरक्षा अधिकारी युवक और उसके परिजनों से पूछताछ कर रहे हैं.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *