राजधानी में रिटायर्ड ब्रिगेडियर मुकेश कुमार जोशी मर्डर केस के बाद से पुलिस महकमे में मचा हड़कंप अभी जारी है. पुलिस ‘ऑपरेशन प्रहार’ चला रही है तो वहीं बुधवार रात बड़े पैमाने पर ट्रांसफर भी हुए हैं. देहरादून में एक साथ 30 बड़े और छोटे पुलिस अफसरों का ट्रांसफर किया गया है.
दरअसल 30 मार्च को रोड रेज फायरिंग के दौरान राजपुर थाना क्षेत्र के मसूरी रोड स्थित मालसी में मॉर्निंग वॉक कर रहे रिटायर्ड ब्रिगेडियर मुकेश कुमार जोशी की गोली लगने से मौत हो गई थी. इस हत्याकांड के बाद देहरादून पुलिस के खिलाफ लोगों में आक्रोश फैल गया. देहरादून में अपराध की घटनाएं तो लगातार हो ही रही थीं, लेकिन जब एक निर्दोष रिटायर्ड फौजी अफसर की हत्या हुई तो पुलिस महकमा सबके निशाने पर आ गया. तब से लगातार पुलिस महकमें में बैठकें हो रही हैं और अपराधियों पर लगाम लगाने को रणनीतियां बन रही हैं. इस दौरान ‘ऑपरेशन प्रहार’ भी लॉन्च किया गया है. इन सबके बीच बुधवार रात एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल ने एक झटके में 30 पुलिस वालों के तबादले कर दिए.

चौकी आईटी पार्क थाना राजपुर से उप निरीक्षक नागरिक पुलिस अर्जुन गुसाईं को तबादला करके चौकी बाजार विकासनगर थाने भेजा गया है. कुंदन राम जो प्रेमनगर के थानाध्यक्ष थे, उन्हें प्रभारी मानवाधिकार प्रकोष्ठ पुलिस कार्यालय भेजा गया है. संजीत कुमार जो थानाध्यक्ष नेहरू कॉलोनी थे, उनको रायपुर थानाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई है.
इसी तरह पुलिस लाइन में तैनात उप निरीक्षक नागरिक पुलिस मनोज नौटियाल को अब नेहरू कॉलोनी का थानाध्यक्ष बनाकर भेजा गया है. ऋषिकेश थाने में तैनात उप निरीक्षक नागरिक पुलिस प्रवीन सैनी को राजपुर थाने की कुठालगेट चौकी का प्रभारी बनाया गया है. पुलिस लाइन में तैनात उप निरीक्षक नागरिक पुलिस पंकज कुमार को सहसपुर थाने की धर्मावाला चौकी का प्रभारी बनाया गया है.
नगर कोतवाली में तैनात उप निरीक्षक जगदंबा प्रसाद को थाना रायवाला ट्रांसफर किया गया है. कोतवाली नगर में ही तैनात महिला उप निरीक्षक नीमा को एसआईएस शाखा भेजा गया है. पटेलनगर में तैनात उप निरीक्षक बलदीप सिंह को रानीपोखरी थाने में नई पोस्टिंग मिली है. इसी तरह पटेलनगर में तैनात उप निरीक्षक कैलाश चंद्र को थाना रायपुर ट्रांसफर किया गया है. पटेल नगर में तैनात उप निरीक्षक महावीर सिंह सजवाण को थाना राजपुर ट्रांसफर किया गया है.